Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

अरुणाचल: फिरौती के लिए युवक ने रची खुद के अपहरण की साजिश, पुलिस ने बरामद किया

ईटानगर, 19 अगस्त (भाषा) गुवाहाटी से इस महीने की शुरुआत में लापता हुए एक व्यक्ति का पता अरुणाचल प्रदेश के क्रा दादी जिले में चला है, जहां से पुलिस ने उसे बरामद किया। उसने कथित तौर पर अपने ही अपहरण का नाटक किया था और विदेश में रह रहे अपने परिवार से फिरौती की मांग की थी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

क्रा दादी जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सेपराज परमे ने बताया कि यह मामला उस समय सामने आया जब असम के तेजपुर स्थित बोरघाट थाने में परिजनों की ओर से गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया गया। रिपोर्ट में बताया गया था कि प्रदीप भट्टराई दो अगस्त को गुवाहाटी से लापता हो गया था।

उन्होंने बताया कि 14 और 15 अगस्त को दुबई में काम करने वाले भट्टराई के भाई को एक अज्ञात नंबर से फिरौती के लिए फोन आए। फोन करने वाले ने भट्टराई को सुरक्षित छोड़ने के बदले यूपीआई आधारित भुगतान प्रणाली के माध्यम से पैसे भेजने की मांग की थी। तकनीकी निगरानी के जरिए पता चला कि फोन करने वाला पालिन कस्बा क्षेत्र में स्थित एक निर्माण स्थल में मौजूद है।

उन्होंने कहा कि खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने 16 अगस्त को निर्माण स्थल पर छापा मारा और भट्टराई के साथ वहां काम करने वाले एक अन्य मजदूर लकी कांता पयांग को भी पकड़ लिया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों व्यक्तियों को 17 अगस्त को असम पुलिस की एक टीम को सौंप दिया गया।

भाषा

शुभम वैभव

वैभव