Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

आवारा कुत्तों के आतंक के कारण चमोली जिले के नारायणबगड़ में अगले चार दिन स्कूलों में छुट्टी

गोपेश्वर, 19 अगस्त (भाषा) उत्तराखंड के चमोली जिले के नारायणबगड़ नगर और आसपास के क्षेत्रों में आवारा और हिंसक कुत्तों के आतंक के कारण बुधवार से अगले चार दिन के लिए 10 सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

नारायणबगड़ विकासखंड के खंड शिक्षा अधिकारी अनिल नाथ ने बताया कि चमोली के मुख्य शिक्षा अधिकारी ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह आदेश जारी किया है।

उन्होंने बताया कि इस दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई ऑनलाइन माध्यम से कराई जाएगी।

नारायणबगड़ निवासी राकेश सती ने बताया कि क्षेत्र में पिछले दो दिन से आवारा कुत्तों का आतंक है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को कुत्तों के हमले में स्कूली छात्रों समेत चार लोग घायल हुए थे। बुधवार को भी उनके हमले में चार अन्य लोग घायल हो गए।

इसके बाद चमोली के जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य शिक्षा अधिकारी ने नारायणबगड़ बाजार और आसपास के क्षेत्रों में स्थित 10 विद्यालयों में 20 से 23 अगस्त तक अवकाश घोषित किया है। इस दौरान शिक्षण कार्य ऑनलाइन माध्यम से संचालित करने के आदेश दिए गए हैं।

इस बीच, वन विभाग के त्वरित कार्रवाई दल (क्यूआरटी) ने आवारा कुत्तों को पकड़ना शुरू कर दिया है। वहीं, पशुपालन विभाग की ओर से उन्हें रेबीज रोधी टीके भी लगाए जा रहे हैं।

हालांकि, सती ने कहा कि स्थानीय लोगों का मानना है कि आवारा कुत्तों के अचानक आक्रामक होने के कारणों की जांच की जानी चाहिए और इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाना चाहिए।

भाषा सं दीप्ति खारी

खारी