गुरुग्राम, 19 अगस्त (भाषा) हरियाणा के गुरुग्राम स्थित सेक्टर-46 इलाके में अपने घर के बाहर खेल रही तीन वर्षीय बच्ची की एक कार की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे के बाद आरोपी चालक अपने वाहन के साथ मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
उन्होंने बताया कि मृतक बच्ची के पिता संतोष चौधरी की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
शिकायत के अनुसार, मंगलवार शाम चौधरी की तीन बेटियों में से एक, रूषि अपने घर के बाहर खाली पड़े भूखंड पर खेल रही थी। इसी दौरान आरोपी चालक अपनी कार रिवर्स कर रहा था, तभी बच्ची कार की चपेट में आ गई।
हादसे में रूषि गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उसके परिजन अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में सेक्टर-50 थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।
मामले के जांच अधिकारी सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) मनजीत सिंह ने बताया कि फरार कार चालक की तलाश के लिए कार्रवाई जारी है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद बच्ची का शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया।
भाषा वैभव
वैभव