Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

चंदौली में अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर ग्रामीणों का हमला, होम गार्ड और वन अधिकारी घायल

चंदौली (उप्र), 19 अगस्त (भाषा) चंदौली जिले के एक गांव में बुधवार को सरकारी जमीन से कथित अतिक्रमण हटाने पहुंची पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया जिसमें एक होम गार्ड और वन विभाग के एक अधिकारी घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि घटना नौगढ़ तहसील के भरदुआ-विशेश्वरपुर गांव में हुई। इसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया।

अधिकारियों के अनुसार, हमले में कथित रूप से शामिल पुरुषों और महिलाओं समेत 12 लोगों को मौके से हिरासत में लिया गया है।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि गांव में पिछले दो-तीन महीने से जमीन को लेकर विवाद था। कुछ ग्रामीण वन विभाग की सरकारी जमीन पर कथित तौर पर बार-बार अतिक्रमण करने का प्रयास कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने उस जमीन पर कथित रूप से धान की फसल लगा दी थी।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद वन, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची।

पटेल ने कहा, ‘‘जब टीम ने सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने की प्रक्रिया शुरू की, तो ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासनिककर्मियों पर लाठियों से हमला कर दिया।’’

उन्होंने बताया कि हमले में करीब 60 पुरुष और महिलाएं कथित रूप से शामिल थे।

अधिकारियों के अनुसार, हमले में एक होम गार्ड और वन विभाग के एक अधिकारी के सिर में चोटें आईं। दोनों को उपचार उपलब्ध कराया गया है।

नौगढ़ के पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि 20 नामजद लोगों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारी ने कहा कि पुलिस हमले में कथित रूप से शामिल अन्य लोगों की पहचान कर रही है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

भाषा सं जफर खारी

खारी