नयी दिल्ली, 19 अगस्त (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को कहा कि उसने मई में केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन की बेटी वीणा टी के खिलाफ की गई तलाशी के दौरान 'हाथ से लिखे' कुछ दस्तावेज (नोट) जब्त किए थे, जिनमें दुबई को किए गए कुछ धन हस्तांतरण का विवरण था।
ईडी ने एक बयान में दावा किया कि इन छापों के दौरान वीणा से जब्त डिजिटल उपकरणों में एक सिम कार्ड की तस्वीर मिली, जो कथित तौर पर किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर लिया गया था और इसका इस्तेमाल कथित तौर पर वीणा द्वारा इंटरनेट आधारित कॉल करने के लिए किया गया था।
ईडी ने कहा कि उसने इस मामले में 18 अगस्त को कोझिकोड में वीणा के हाथ से लिखे नोट में नामित लोगों और कथित तौर पर उन्हें सिम कार्ड उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति के ठिकानों पर नए सिरे से तलाशी अभियान चलाया।
धन शोधन जांच का यह मामला केरल स्थित खनन कंपनी कोचिन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) और वीणा द्वारा प्रवर्तित कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस (अब बंद) से जुड़ा है।
ईडी का आरोप है कि सीएमआरएल ने ‘आईटी परामर्श सेवाओं’ के नाम पर एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को 2.78 करोड़ रुपये का फर्जी भुगतान किया।
केंद्रीय एजेंसी ने मई में वीणा के उस ठिकाने पर भी छापेमारी की थी, जहां वह तिरुवनंतपुरम में पिनरायी विजयन के साथ किराये के मकान में रह रही थीं। इसके बाद उनसे कोच्चि स्थित ईडी कार्यालय में पूछताछ की गई थी।
ईडी ने आरोप लगाया, ‘‘ 18 अगस्त की तलाशी में जब्त सामग्री से पता चलता है कि वीणा आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक राशि का प्रबंधन कर रही थीं। उनके हाथ से लिखे नोट में दर्ज रकम सीएमआरएल से प्राप्त राशि से अधिक है।’’
एजेंसी ने कहा कि वह कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई करेगी। उसने यह भी दावा किया कि हवाला माध्यम से धन हस्तांतरण से जुड़े 'साक्ष्य' भी मिले हैं।
इस बीच, वीणा के पति और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नेता पी. ए. मोहम्मद रियास ने बुधवार को कहा कि वह और पार्टी उनके करीबी लोगों के घरों या प्रतिष्ठानों पर मंगलवार को हुई ईडी की तलाशी का राजनीतिक और कानूनी रूप से सामना करेंगे।
माकपा के राज्य सचिव एम. वी. गोविंदन ने भी इसी तरह की प्रतिक्रिया दी और आरोप लगाया कि ईडी अब रियास को निशाना बनाने की कोशिश कर रही है।
विजयन ने अपनी बेटी के खिलाफ ईडी मामले को उन्हें निशाना बनाने के लिए की जा रही राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया था।
भाषा रवि कांत रवि कांत वैभव
वैभव