Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

हिमाचलः कुल्लू में प्राथमिक विद्यालय के 40 बच्चे भोजन के बाद बीमार पड़े

शिमला, 19 अगस्त (भाषा) हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय के करीब 40 छात्र दोपहर के भोजन के बाद बीमार पड़ गए, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। आशंका है कि दूषित पानी के कारण बच्चे बीमार पड़े। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, यह घटना मंगलवार को बाड़ी के शासकीय प्राथमिक विद्यालय में हुई।

बीमार बच्चों को तुरंत पाटलीकुल स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां से सात बच्चों को कुल्लू जिला अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. रंजीत ठाकुर ने बताया कि फिलहाल 13 बच्चे उपचाराधीन हैं, जबकि सात बच्चों को कुल्लू के सरकारी अस्पताल भेजा गया है। बाकी 20 बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

डॉ. ठाकुर ने बुधवार को बाल रोग विशेषज्ञों और अन्य चिकित्सकों की टीम के साथ अस्पताल का दौरा किया और बच्चों के स्वास्थ्य का जायजा लिया।

स्थानीय विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने भी अस्पताल पहुंचकर भर्ती बच्चों और उनके अभिभावकों से मुलाकात की।

उन्होंने बताया कि घटना के कारणों की जांच के लिए मनाली के उप जिलाधिकारी(एसडीएम) की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया है।

वहीं, स्वास्थ्य विभाग और जल शक्ति विभाग ने पानी दूषित होने की जांच के लिए मुख्य स्रोत से पानी के नमूने लिए हैं।

भाषा सुमित पवनेश

पवनेश