Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

दिल्ली में घर में घुसकर महिला को बंधक बनाया, 75 लाख रुपये के आभूषण एवं नकदी लूटी

नयी दिल्ली, 19 अगस्त (भाषा) उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के अशोक विहार इलाके में बुधवार को चार लोगों ने एक घर में घुसकर महिला के हाथ-पैर बांध दिए और उसे तथा उसकी दो बेटियों को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर लगभग 75 लाख रुपये के आभूषण एवं नकदी कथित तौर पर लूट ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि बुधवार सुबह अशोक विहार थाने में एक महिला ने ई-ब्लॉक, फेज-1 स्थित एक घर में लूट की सूचना दी। पुलिस के मुताबिक, घटना के वक्त महिला घर में अकेली थी।

पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच के मुताबिक, महिला का उसके घर तक पीछा करने के बाद चार लोग चौथी मंजिल पर स्थित फ्लैट में जबरन दाखिल हो गए। दो आरोपी महिला के फ्लैट से सटी सीढ़ी के पास बैठे थे और जब वह किसी काम से बाहर निकली, तब वे उसके पास पहुंचे।

महिला ने पुलिस को बताया कि वह डर गई और उसने अपने फ्लैट के अंदर जाने की कोशिश की, लेकिन दो लोग जबरन उसके पीछे-पीछे अंदर घुस गए। इसके बाद उनके दो अन्य साथी भी फ्लैट के अंदर दाखिल हो गए।

पुलिस ने बताया आरोपियों ने महिला को चाकू दिखाकर धमकाया और शोर न मचाने की चेतावनी दी। उन्होंने उसके हाथ-पैर बांध दिए, मुंह पर टेप लगा दिया और उसे एक कोने में बैठा दिया।

अधिकारियों के मुताबिक, 56 वर्षीय महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपियों में से एक बार-बार कह रहा था कि उसे मार दिया जाना चाहिए ताकि कोई उन्हें पहचान न सके। इसके बाद आरोपियों ने घर की तलाशी ली और कथित तौर पर लगभग 75 लाख रुपये मूल्य के आभूषण और नकदी ले गए।

पुलिस ने बताया कि महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उससे कहा कि उन्हें उसके परिवार के बारे में बहुत कुछ पता है और धमकी दी यदि उसने घटना के बारे में किसी को बताया तो उसकी दो बेटियों का अपहरण कर लिया जाएगा।

उसके बयान के मुताबिक, आरोपियों ने उसके दिवंगत बेटे, उसके पति के व्यवसाय और उन जगहों के बारे में जानकारी होने का दावा किया जहां उसकी बेटियां काम करती हैं।

पुलिस के एक सूत्र ने बताया कि घटना में कथित तौर पर लूटे गए गहने परिवार ने महिला की जुड़वां बेटियों की शादी के लिए खरीदे थे। महिला की दोनों बेटियां अपने पिता के साथ चांदनी चौक में कारोबार करती हैं।

महिला के पति वजीरपुर गांव में फास्टनर निर्माण का व्यवसाय भी करते हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी कथित तौर पर करीब 20 मिनट तक घर के अंदर रहे और कीमती सामान समेटकर फरार हो गए।

इसने बताया कि महिला ने अपने हाथ खोले और उसने घटना की जानकारी अपने परिवार व पुलिस को दी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि उसे मामूली खरोंचें आई हैं और उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है।

सूत्रों ने बताया कि जांचकर्ता इलाके की सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं, जिसमें आरोपी कथित तौर पर मोटरसाइकिलों से आते और जाते दिखाई दिए हैं।

सूत्रों ने बताया कि ऐसा प्रतीत होता है कि आरोपियों ने लूट की वारदात को अंजाम देने से पहले इलाके की रेकी की थी।

पुलिस आरोपियों की लूट से पहले और बाद की गतिविधियों का पता लगाने के लिए इलाके में अलग-अलग जगहों की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय निवासियों से पूछताछ कर रही है।

इस संबंध में अशोक विहार थाने में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 309(4) (लूट), 309(6) (लूट के दौरान चोट पहुंचाना), 311 (लूट या डकैती के दौरान किसी व्यक्ति की हत्या करने या उसे गंभीर चोट पहुंचाने का प्रयास) और 3(5) (साझा मंशा) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भाषा नोमान नोमान देवेंद्र

देवेंद्र