नयी दिल्ली, 19 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के रोहिणी इलाके में खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर कुछ लोगों ने एक व्यापारी के आवास पर कथित रूप से छापेमारी के नाम पर घुसने की कोशिश की।
पुलिस ने बताया कि इस बाबत मामला दर्ज कर लिया गया है।
शिकायत के मुताबिक, करीब आठ से 10 लोग आवास पर पहुंचे और खुद के सीबीआई अधिकारी होने का दावा किया।
हालांकि, व्यवसायी की पत्नी ने गेट खोलने से इनकार कर दिया और तलाशी के लिए उचित दस्तावेजों की मांग की। समूह कथित तौर पर कुछ समय तक घर के बाहर रहा और परिवार पर उन्हें प्रवेश की अनुमति देने के लिए दबाव बनाने की कोशिश की।
पुलिस ने बताया कि घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में दर्ज हो गई। पड़ोसी भी मौके पर जमा हो गए और कथित समूह से तलाशी वारंट और अन्य दस्तावेजों के बारे में पूछताछ की। जब नोटिस की लिखित प्रति उपलब्ध कराने के लिए कहा गया, तो समूह कथित तौर पर यह कहते हुए चला गया कि वे इसे अपने वाहन से लेकर आते हैं। बाद में परिवार ने पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को सूचित किया जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
भाषा नोमान नोमान पवनेश
पवनेश