शिलांग, 19 अगस्त (भाषा) मेघालय की राजधानी शिलांग में खासी स्टूडेंट्स यूनियन (केएसयू) द्वारा बुधवार को निकाली गई एक बाइक रैली के दौरान स्वामी विवेकानंद और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमाओं में कथित रूप से तोड़फोड़ की गई तथा दो सरकारी वाहनों में आग लगा दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि रैली शिलांग के विभिन्न हिस्सों से होकर गुजरी। उन्होंने बताया कि इस दौरान कई वाहनों पर हमला किया गया और उन्हें आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जबकि कम से कम दो सरकारी वाहनों में आग लगा दी गई।
एक कॉलोनी में स्थापित स्वामी विवेकानंद और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमाओं में भी तोड़फोड़ की गई।
यह रैली केएसयू की पांच सूत्री मांगों के समर्थन में जारी आंदोलन का हिस्सा थी। इन मांगों में मेघालय निवासी सुरक्षा अधिनियम लागू करना, मेघालय लोक सेवा आयोग तथा जिला चयन समितियों (डीएससी) के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया में सुधार करना शामिल है।
छात्र संगठन ने राज्य सरकार को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया था। बाद में उसने यह दावा करते हुए पूरे शिलांग में काला ‘बाइक रैली' निकालने की घोषणा की थी कि उसकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया है।
प्रदर्शन के दौरान केएसयू कार्यकर्ता मेघालय सचिवालय के मुख्य द्वार तक पहुंच गए और वहां झंडे लगा दिए, जिन्हें बाद में पुलिसकर्मियों ने हटा दिया।
भाषा सुमित देवेंद्र
देवेंद्र