Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

संविधान में बदलावों को मंजूरी देने के लिए आईओए अगले महीने की शुरुआत में बुलाएगा एसजीबीएम

नयी दिल्ली, 19 अगस्त (भाषा) भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) अगले महीने की शुरुआत में आम सभा की विशेष बैठक (एसजीबीएम) बुलाने की तैयारी कर रहा है जिसमें राष्ट्रीय खेल प्रशासन अधिनियम (एनएसजीए) 2025 के अनुरूप अपने संविधान में किए गए बदलावों को मंजूरी दी जाएगी।

सूत्रों के अनुसार आईओए की कार्यकारी समिति की बुधवार को यहां हुई बैठक में मौजूदा संविधान में कुछ बदलाव किए गए।

कार्यकारी समिति की बैठक में शामिल एक सदस्य ने पीटीआई से कहा, ‘‘आईओए की कार्यकारी समिति ने मौजूदा संविधान में कुछ मामूली बदलावों को मंजूरी दी है और इन्हें आम सभा से अनुमोदित कराना होगा।’’

अधिकारी ने कहा, ‘‘इसलिए एसजीबीएम अगले महीने के पहले पखवाड़े में, संभवत: 7-8 सितंबर के आसपास आयोजित की जा सकती है। हालांकि आज की बैठक में एसजीबीएम की तारीख तय नहीं हुई और अगले कुछ दिनों में इस पर फैसला लिया जाएगा।’’

यह भी पता चला है कि आईओए के संशोधित संविधान का प्रारंभिक मसौदा पहले ही अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) को भेजा जा चुका है।

सदस्य ने कहा, ‘‘संशोधित अंतिम संविधान भी आईओसी को भेजे जाने की उम्मीद है।’’

आईओए के पदाधिकारियों के चुनाव भी दिसंबर में होने हैं। पूर्व धाविका पीटी उषा के नेतृत्व वाली मौजूदा कार्यकारिणी का चुनाव 10 दिसंबर 2022 को चार साल के कार्यकाल के लिए हुआ था।

इससे पहले खिलाड़ी आयोग का पुनर्गठन करना होगा और ‘स्पोर्ट्सपर्सन ऑफ मेरिट’ का चयन करना होगा जिससे कि वे पदाधिकारियों के चुनाव के लिए आम सभा के मतदान करने वाले सदस्य बन सकें।

एनएसजीए 2025 के अनुरूप ढलने के लिए आईओए के सामने कुछ पेचीदा मुद्दे भी हैं जिनमें उम्र और कार्यकाल से जुड़े प्रावधान शामिल हैं। सरकार ने इस कानून को लागू करने के लिए जनवरी में अधिसूचित किया था।

भाषा सुधीर नमिता

नमिता