Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

'साइबर गुलामी' के लिए भारतीयों को दक्षिण-पूर्व एशिया भेजने वाला तस्कर गिरफ्तार : सीबीआई

नयी दिल्ली, 19 अगस्त (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने आकर्षक विदेशी नौकरियों का झांसा देकर भारतीयों को दक्षिण-पूर्व एशिया में संचालित ठगी केंद्रों में कथित 'साइबर गुलामी' के लिए भेजने वाले मानव तस्करी गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

सीबीआई के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि विदेश में नौकरी के आकर्षक अवसरों का लालच देकर पीड़ितों को कथित तौर पर म्यांमा और कंबोडिया ले जाया गया, जहां उन्हें 'साइबर गुलामी' जैसी परिस्थितियों में काम करने के लिए मजबूर किया गया।

सीबीआई ने इस मामले में हरियाणा के हिसार निवासी अंकित को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने 2025 में इस क्षेत्र के कम से कम चार लोगों को ठगी केंद्रों में भेजा था।

सीबीआई के अनुसार, साइबर गुलामी डिजिटल शोषण का एक रूप है, जिसमें लोगों को धोखे या जबरदस्ती मानव तस्करी का शिकार बनाया जाता है और उनसे ऑनलाइन ठगी या अन्य साइबर अपराधों को अंजाम देने के लिए काम कराया जाता है। इसमें पीड़ितों को अक्सर अमानवीय परिस्थितियों में रखा जाता है।

प्रवक्ता ने बताया कि सीबीआई ने पीड़ितों से पूछताछ की, जिसमें 'धोखे और शोषण का एक परेशान करने वाला पैटर्न' सामने आया। कुछ पीड़ितों ने इन ठगी केंद्रों से वापस आने के लिए बड़ी रकम चुकाई, जबकि कुछ को वहां से निकलने और घर लौटने के लिए किसी अन्य व्यक्ति को फंसाने के लिए मजबूर किया गया।

सीबीआई ने कहा, ‘‘जब्त किए गए मोबाइल उपकरण से आपत्तिजनक साक्ष्य बरामद हुए हैं, जो म्यांमा और कंबोडिया में संचालित ठगी केंद्रों के भर्ती करने वालों के साथ उसके संबंधों की ओर इशारा करते हैं। इसके अलावा, क्रिप्टोकरेंसी से जुड़े कई लेन-देन की भी जांच की जा रही है। ये लेन-देन ठगी केंद्रों के संचालकों द्वारा एजेंट को दिए गए कमीशन का हिस्सा हो सकते हैं।’’

जांच एजेंसी ने बताया कि आरोपी ने पीड़ितों को फंसाने के लिए इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया मंचों पर विज्ञापन प्रकाशित करने और संपर्क के लिए टेलीग्राम जैसे संदेश ऐप का इस्तेमाल करने की जानकारी भी दी है।

सीबीआई दिसंबर 2025 से इस मानव तस्करी नेटवर्क से जुड़े एजेंटों के खिलाफ मामले की जांच कर रही है।

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘इसी जांच के तहत सीबीआई ने मई और जून 2026 में चार राज्यों के आठ स्थानों पर समन्वित छापेमारी की थी और तस्करी नेटवर्क में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था।’’

भाषा रवि कांत रवि कांत अविनाश

अविनाश