कोरबा, 19 अगस्त (भाषा) छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक मामले की जांच के सिलसिले में दिल्ली जाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों से ट्रेन से यात्रा की मंजूरी मिलने के बावजूद कथित तौर पर विमान से यात्रा करने पर एक निरीक्षक और एक उप निरीक्षक समेत आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
कोरबा जिले के पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि आठ पुलिसकर्मियों का एक दल पिछले माह दिल्ली गया था। यह दल अदालत के आदेश पर कटघोरा थाने में दर्ज एक कारोबारी विवाद के मामले की जांच के सिलसिले में दिल्ली गया था।
उन्होंने बताया कि दल को ट्रेन से यात्रा करने की मंजूरी दी गई थी, लेकिन पुलिसकर्मी ट्रेन के बजाय विमान से दिल्ली गए।
तिवारी ने बताया कि बाद में मामला सामने आने पर पुलिसकर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई।
जब उनसे पूछा गया कि क्या दल ने मामले के शिकायतकर्ता गौरव मोदी से विमान के टिकट के लिए धन लिया था तो अधिकारी ने कहा कि टिकट का इंतजाम किस तरह किया गया था, इसकी जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मामले में कटघोरा थाना प्रभारी मोती पटेल, उप निरीक्षक राम पांडे, प्रधान आरक्षक गुनाराम सिन्हा, गोपाल यादव और राजेश कंवर, आरक्षक प्रदीप राठौर, साइबर प्रकोष्ठ के आरक्षक सुशील यादव और कोरबा रिजर्व केंद्र के आरक्षक प्रशांत सिंह को निलंबित किया गया है।
एक अन्य मामले में कटघोरा थाने के चार पुलिसकर्मियों को 17 अगस्त को निलंबित किया गया था जिसमें थाना प्रभारी पटेल भी शामिल हैं। इन पुलिसकर्मियों पर आरोप है कि उन्होंने कबाड़ की संदिग्ध अवैध खेप ले जा रहे एक ट्रक को जब्त करने के बाद भी उसके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की।
भाषा सं संजीव खारी
खारी