नयी दिल्ली, 19 अगस्त (भाषा) भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने फरवरी 2027 में देश में प्रस्तावित पांचवें तटरक्षक वैश्विक शिखर सम्मेलन (सीजीजीएस) की तैयारियों को लेकर एक बैठक आयोजित की, जिसमें अभियानगत अनुभव और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के उपायों पर चर्चा की गई। आईसीजी के प्रवक्ता ने बुधवार को यह जानकारी दी।
प्रवक्ता ने बताया कि शिखर सम्मेलन की तैयारियों के तहत कार्यकारी स्तर की बैठक (डब्ल्यूएलएम) का आयोजन 'हाइब्रिड' माध्यम से किया गया, जिसमें विभिन्न देशों के तटरक्षक बलों और समुद्री एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय समुद्री संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
प्रवक्ता के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय समुद्री सहयोग को मजबूत करने और सुरक्षित, स्वच्छ एवं अधिक संरक्षित समुद्र की दिशा में सामूहिक प्रयासों को आगे बढ़ाने की भारत की दृढ़ प्रतिबद्धता को दोहराते हुए पांचवां तटरक्षक वैश्विक शिखर सम्मेलन फरवरी 2027 में आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह शिखर सम्मेलन भारतीय तटरक्षक बल की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित होगा।
उभरती समुद्री चुनौतियों से निपटने और भारत के बढ़ते समुद्री हितों की रक्षा करने के मकसद से एक फरवरी 1977 को भारतीय तटरक्षक बल की स्थापना की गई थी।
भाषा पारुल पवनेश
पवनेश