नयी दिल्ली, 19 अगस्त (भाषा) दिल्ली के कुछ हिस्सों में बुधवार को हुई हल्की बारिश से लोगों को उमस भरे मौसम से थोड़ी राहत मिली। इस दौरान शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, सफदरजंग में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पालम में यह सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक 35.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
लोधी रोड और रिज में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह दोनों स्थानों पर सामान्य से क्रमश: दो डिग्री और 1.1 डिग्री अधिक रहा। आया नगर में भी अधिकतम तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विभाग ने दिल्ली में आमतौर पर बादल छाए रहने तथा कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है।
आईएमडी के केंद्रवार आंकड़ों के अनुसार, सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में पालम में 0.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं, आया नगर में सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक 0.2 मिलीमीटर बारिश हुई।
दिल्ली में सुबह आर्द्रता 78 प्रतिशत और शाम को 65 प्रतिशत दर्ज की गई।
राजधानी में न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) बुधवार शाम 110 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।
भाषा
शुभम वैभव
वैभव