भुवनेश्वर, 19 अगस्त (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बुधवार को कहा कि केंद्र सरकार की ओर से कई रेल पटरियां बिछाने की परियोजनाओं को मंजूरी दिए जाने से राज्य के तटीय और औद्योगिक जिलों में संपर्क व्यवस्था बेहतर होगी।
माझी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को लिखे पत्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता वाली आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति द्वारा रेलवे की बहु-पटरी परियोजनाओं को मंजूरी दिए जाने के लिए आभार जताया।
इससे पहले दिन में समिति ने करीब 9,450 करोड़ रुपये की लागत वाली चार बहु-पटरी परियोजनाओं को मंजूरी दी। इन परियोजनाओं के तहत कुल 410 किलोमीटर लंबी रेल लाइनों का निर्माण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं की मंजूरी ओडिशा में रेल बुनियादी ढांचे के लिए एक बड़ा बदलाव लाने वाला कदम है। इससे महत्वपूर्ण माल और यात्री रेल गलियारों पर दबाव कम होगा तथा तटीय और औद्योगिक जिलों में संपर्क व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार आएगा।
माझी ने ओडिशा के रेल बुनियादी ढांचे और भविष्य के विकास के लिए इस महत्वपूर्ण निवेश को लेकर प्रधानमंत्री मोदी और रेल मंत्री वैष्णव के प्रति आभार जताया।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इन चारों परियोजनाओं का विस्तार पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के आठ जिलों में होगा।
प्रस्तावित बहु-पटरी परियोजनाओं से करीब 6,448 गांवों को बेहतर रेल संपर्क मिलेगा, जिनकी कुल आबादी लगभग 60 लाख है।
भाषा
शुभम संतोष
संतोष