Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

दिल्ली के टिकरी कलां में सीएनजी स्टेशन पर गैस सिलेंडर फटने से तीन लोगों की मौत

नयी दिल्ली, 19 अगस्त (भाषा) बाहरी दिल्ली के टिकरी कलां क्षेत्र में बुधवार को एक सीएनजी स्टेशन पर गैस भरते समय एक ट्रक का सिलेंडर फटने से तीन लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से झुलस गये। दिल्ली पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि तीनों मृतक सीएनजी स्टेशन के कर्मी हैं।

अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने बताया कि टिकरी कलां मेट्रो स्टेशन के पास हुई घटना की सूचना अपराह्न 3.37 बजे मिली, जिसके बाद दमकल की छह गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।

अधिकारी ने कहा कि ट्रक के आसपास खड़े छह लोग विस्फोट की चपेट में आ गये और जख्मी हो गए। उन्हें पास के अस्पतालों में ले जाया गया।

अधिकारियों के मुताबिक, ट्रक में गैस भर रहे मनीष (25) की विस्फोट के तुरंत बाद मौत हो गई जबकि दो अन्य, सन्नी (30) और ब्रह्मजीत (34) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिससे मरने वालों की संख्या तीन हो गई।

ट्रक चालक व आसपास खड़े अन्य लोग घायल हो गये। घायलों की पहचान सुरजीत, संजय और विपिन के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, उनका मुंडका के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। एक घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने कहा कि विस्फोट का सटीक कारण तुरंत पता नहीं चला है। अधिकारियों ने कहा कि वे ट्रक, सीएनजी सिलेंडर और उसमें गैस भरने की प्रक्रिया के दौरान इस्तेमाल किए गए उपकरणों की भी जांच कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि विस्फोट किस कारण से हुआ।

विस्फोट से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि धमाके की जोरदार आवाज सुनने के बाद वे सीएनजी स्टेशन की ओर दौड़े। उन्होंने विस्फोट को भीषण बताया।

घटना के बाद फोरेंसिक विज्ञान टीम और अपराध इकाई मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गैस सिलेंडर या रिफिलिंग उपकरण में कोई खराबी तो नहीं थी। पुलिस ने पूरे मामले की जांच करने और घटना की सटीक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए टीमें गठित की हैं।

जांच से जुड़े एक पुलिस अधिकारी ने कहा, 'टीमें सीएनजी स्टेशन और आस-पास के स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच कर रही हैं। हम विस्फोट से पहले, उसके दौरान और तुरंत बाद की घटनाओं के क्रम को स्थापित करने के लिए फुटेज की जांच कर रहे हैं।'

फोरेंसिक साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के साथ-साथ मौके पर मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों के बयानों दर्ज किए जा रहे हैं।

पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जिस समय ट्रक में सीएनजी भरी जा रही थी, उस समय सभी निर्धारित सुरक्षा उपायों का पालन किया जा रहा था या नहीं।

भाषा नोमान नोमान वैभव

वैभव