Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

नितिन नवीन, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री ने महाराजा बीर बिक्रम को 118वीं जयंती पर श्रद्धांजलि दी

अगरतला, 19 अगस्त (भाषा) भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को आधुनिक त्रिपुरा के शिल्पकार माने जाने वाले महाराजा बीर बिक्रम किशोर माणिक्य बहादुर को उनकी 118वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

नवीन ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा, “दूरदर्शी शासक और आधुनिक त्रिपुरा के शिल्पकार महाराजा बीर बिक्रम किशोर माणिक्य बहादुर जी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि।”

उन्होंने कहा कि अपने दूरदर्शी नेतृत्व के जरिए महाराजा ने शिक्षा, बुनियादी ढांचे और सुशासन की मजबूत नींव रखी तथा ऐसी सोच के साथ त्रिपुरा के भविष्य को आकार दिया, जो आज भी पीढ़ियों को प्रेरित करती है।

नवीन ने कहा कि जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति महाराजा की अटूट प्रतिबद्धता आज भी सेवा और समावेशी विकास का प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है।

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा और टिपरा मोथा पार्टी (टीएमपी) के प्रमुख प्रद्योत किशोर देबबर्मा ने भी महाराजा को श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने फेसबुक पर लिखा, “आधुनिक त्रिपुरा के शिल्पकार महाराजा बीर बिक्रम किशोर माणिक्य बहादुर की 118वीं जयंती के अवसर पर मैंने अगरतला के 'जीरो प्वाइंट' पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी।”

साहा ने कहा, “उनका योगदान, आदर्श और जन-केंद्रित दृष्टिकोण हमेशा हमारी यादों में अंकित रहेगा। उनके दृष्टिकोण से प्रेरणा लेते हुए और उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए हम एक विकसित और समृद्ध त्रिपुरा के निर्माण के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं।”

देबबर्मा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “मेरे प्रिय दादा महाराजा बीर बिक्रम किशोर माणिक्य बहादुर की 118वीं जयंती पर मैं उन्हें हार्दिक श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और उनकी स्मृति को नमन करता हूं।”

भाषा प्रचेता पवनेश

पवनेश