Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

अंतिम दौर में लगातार तीन जीत से विवान ने जीता रैपिड खिताब, शोहरादोवा बनीं बालिका चैंपियन

मुंबई, 19 अगस्त (भाषा) भारत के विवान विशाल और तुर्कमेनिस्तान की शोहरादोवा लाला ने बुधवार को यहां एशियाई जूनियर रैपिड शतरंज चैंपियनशिप के क्रमश: ओपन और बालिका वर्ग के खिताब जीते।

ओपन वर्ग में खिताब के लिए कड़ा मुकाबला देखने को मिला। शीर्ष पर चल रहे कजाखस्तान के अखिलबे इमांगली और भारत के माधवेंद्र प्रताप शर्मा को अंतिम दौर की बाजियों में हार का सामना करना पड़ा जिससे खिताब की दौड़ रोमांचक हो गई।

इसका फायदा उठाते हुए भारत के विवान ने अंतिम तीन दौर में लगातार तीन जीत दर्ज कीं और सात दौर में छह अंक हासिल करके ओपन रैपिड खिताब अपने नाम किया। 2149 रेटिंग वाले विवान की यह जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि उन्होंने कई मजबूत खिलाड़ियों के बीच शीर्ष स्थान हासिल किया।

अंतरराष्ट्रीय मास्टर अक्षय बोरगांवकर और अपूर्व कांबले ने भी पांच-पांच अंक हासिल करते हुए अच्छा प्रदर्शन किया। हालांकि बेहतर टाई-ब्रेक स्कोर के कारण अक्षय ने रजत पदक जीता जबकि अपूर्व को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

बालिका रैपिड वर्ग में खिताब की दौड़ अंतत: तुर्कमेनिस्तान की शोहरादोवा लाला और भारत की प्रतीति बोरदोलोई के बीच रोमांचक मुकाबले में बदल गई।

दोनों खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया और सात दौर में छह-छह अंक हासिल किए। अंक बराबर होने के कारण विजेता का फैसला टाई-ब्रेक से हुआ जिसमें शोहरादोवा ने बाजी मारकर खिताब अपने नाम किया।

प्रतीति बोरदोलोई ने रजत पदक हासिल किया जबकि भारत की प्रिशिता गुप्ता ने कांस्य पदक जीता।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर