Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

जनता की शिकायतों को दूर करने के लिए विजय ने विधायकों को आधिकारिक वाहन, भत्तों की घोषणा की

(फाइल फोटो के साथ)

चेन्नई, 19 अगस्त (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बुधवार को विधायकों को उनके संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में लोगों की शिकायतों के समाधान के लिए आधिकारिक वाहन और एक लाख रुपये का मासिक भत्ता देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री की इस घोषणा को सुनकर सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) विधायक के. सिंधु खुशी से झूम उठीं। उन्होंने विजय की तारीफ में गाना गाया और इस कदम के लिए उनका शुक्रिया अदा किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासनिक कार्यों और वाहन के रखरखाव में मदद के लिए सरकार हर महीने 75,000 रुपये का भत्ता देगी, जिसमें ईंधन और चालक का खर्च शामिल होगा। साथ ही, चुनाव क्षेत्र के कामकाज को संभालने में मदद के लिए निजी सहायक रखने के वास्ते हर महीने 25,000 रुपये दिए जाएंगे।

सदन में मेज थपथपाने की आवाज के बीच विजय ने कहा, ‘‘इन उपायों का उद्देश्य विधायकों पर आर्थिक बोझ कम करना, पारदर्शिता बढ़ाना और यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी सेवाएं बिना किसी भ्रष्टाचार के जमीनी स्तर तक पहुंचें। इन निर्देशों को औपचारिक रूप देने के लिए उचित बदलाव किए जाएंगे।’’

विधानसभा में नियम 110 के तहत यह घोषणा करते हुए विजय ने कहा कि विधायकों को वाहन और भत्ता देने की नयी व्यवस्था से वे जनता की शिकायतों के समाधान और सरकारी परियोजनाओं की निगरानी के लिए अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में बिना किसी पर निर्भर हुए यात्रा कर सकेंगे।

विजय की घोषणा पर टीवीके विधायक सिंधु झूम उठीं और उन्होंने अचानक गीत गाना शुरू कर दिया।

गुडियाथम निर्वाचन क्षेत्र से पहली बार विधायक बनीं सिंधु की सुरीली आवाज सुनकर मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष जे.सी.डी. प्रभाकर और अन्य विधायक हैरान रह गए और मुस्कुराने लगे।

बाद में, विधानसभा अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री की घोषणाएं 234 सदस्यीय विधानसभा के सभी विधायकों के लिए हैं।

भाषा सुरभि शोभना

शोभना