Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

अपराह्न दो बजे के मुख्य समाचार

नयी दिल्ली, 19 अगस्त (भाषा) भाषा की विभिन्न फाइल से बुधवार को अपराह्न दो बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार हैं:

प्रादे31 बंगाल होटल आग दूसरी लीड मौत

कोलकाता के एक होटल में भीषण आग लगने से नौ लोगों की मौत, मृतकों में बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल

कोलकाता, मध्य कोलकाता की मिर्जा गालिब स्ट्रीट में स्थित एक जर्जर पांच मंजिला इमारत में मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से चार वर्षीय बच्चे और दो महिलाओं समेत कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और छह अन्य झुलस गए। पुलिस ने बताया कि इस इमारत में कई होटल संचालित हो रहे थे।

प्रादे46 बिहार तेजस्वी

बिहार: लोक भवन मार्च के दौरान तेजस्वी यादव हिरासत में लिए गए

पटना, बिहार में नीट प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ हुए आंदोलन के दौरान कथित पुलिस ज्यादती के विरोध में बुधवार को पटना में बिहार लोक भवन के लिए निकाले गए विरोध मार्च के दौरान राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव को आयकर गोलंबर के पास हिरासत में ले लिया गया।

दि15 दिल्ली अदालत जैन

दिल्ली जल बोर्ड ‘घोटाला’ मामले में पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन समेत छह आरोपी अदालत में पेश

नयी दिल्ली, दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन, दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) उदित प्रकाश राय और चार अन्य आरोपियों को बुधवार को यहां एक अदालत में पेश किया गया। इन सभी को दिल्ली जल बोर्ड के सीवर शोधन संयंत्र (एसटीपी) परियोजनाओं की निविदा प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) ने गिरफ्तार किया है।

दि18 न्यायालय नीट

नीट: न्यायालय ने एनटीए से राधाकृष्णन समिति की सिफारिशें लागू करने के लिए उठाए कदमों की जानकारी मांगी

नयी दिल्ली, राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में सुधारों को संस्थागत रूप देने की जरूरत पर जोर देते हुए उच्चतम न्यायालय ने बुधवार को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को निर्देश दिया कि वह उसे राधाकृष्णन समिति और नंदन नीलेकणि समिति की सिफारिशों को लागू करने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी दे।

प्रादे26 मणिपुर एनआरसी हड़ताल

मणिपुर में एनआरसी की मांग को लेकर हड़ताल के दूसरे दिन घाटी के जिलों में जनजीवन प्रभावित

इंफाल, मणिपुर में 48 घंटे की राज्यव्यापी हड़ताल के दूसरे दिन बुधवार को घाटी के पांच जिलों में बाजार, शैक्षणिक संस्थान और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ।

प्रादे22 ईडी उप्र आजम खान लीड छापा

उत्तर प्रदेश में आजम खान के ट्रस्ट और विश्वविद्यालय परिसर पर ईडी ने छापे मारे

लखनऊ, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जेल में बंद समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता आजम खान से जुड़े मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और विश्वविद्यालय परिसरों पर बुधवार को धनशोधन मामले की जांच के तहत छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अर्थ13 सीएएस सेबी

सीएएस को बदनाम करने के किसी भी प्रयास से सख्ती से निपटा जाएगा : सेबी प्रमुख

मुंबई, सेबी के चेयरमैन तुहिन कांत पांडेय ने बुधवार को आगाह किया कि समापन नीलामी सत्र (सीएएस) यानी बाजार बंद होने के बाद शेयर के अंतिम भाव तय करने की व्यवस्था को ‘‘बदनाम’’ करने के किसी भी प्रयास के खिलाफ पूंजी बाजार नियामक सख्ती से कार्रवाई करेगा।

अर्थ9 गोयल सिंगापुर

गोयल व्यापार व निवेश संबंध मजबूत करने के लिए 70 सदस्यीय कारोबारी प्रतिनिधिमंडल के साथ सिंगापुर पहुंचे

नयी दिल्ली, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल व्यापार एवं निवेश संबंधों को मजबूत करने के लिए 70 सदस्यीय कारोबारी प्रतिनिधिमंडल के साथ सिंगापुर पहुंचे हैं। आधिकारिक बयान में बुधवार को यह जानकारी दी गई।

प्रादे27 उत्तराखंड सुरंग

उत्तराखंड : पीपलकोटी सुरंग हादसे के एक घायल ने दम तोड़ा, मृतक संख्या बढ़कर 11 हुई

देहरादून, उत्तराखंड में चमोली जिले के पीपलकोटी में पिछले सप्ताह सुरंग हादसे में घायल एक श्रमिक ने बुधवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया जिससे दुर्घटना में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गयी । अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

दि22 राहुल केन बेतवा

केन-बेतवा परियोजना से प्रभावित आदिवासियों के साथ हूं, सरकार पर दबाव बनाएंगे: राहुल गांधी

नयी दिल्ली, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना के खिलाफ सत्याग्रह कर रहे आदिवासियों का समर्थन करते हुए बुधवार को कहा कि वह इस संघर्ष में उनके साथ हैं और मौके पर पहुंचकर सरकार पर दबाव बनाएंगे।

वि13 पाकिस्तान भारत हवाई क्षेत्र प्रतिबंध

पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध 24 सितंबर तक बढ़ाया

इस्लामाबाद, पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल पर लगी रोक को 24 सितंबर तक बढ़ा दिया है। पाकिस्तान के हवाईअड्डा प्राधिकरण ने बुधवार को यह जानकारी दी।

वि1 भारत फलस्तीन रंगनाथन

भारत ने बातचीत के जरिए फलस्तीन मुद्दे के 'द्विराष्ट्र समाधान' को अपना समर्थन दोहराया: सचिव रंगनाथन

यरुशलम, भारत ने मंगलवार को बातचीत के जरिए फलस्तीन मुद्दे के ‘द्विराष्ट्र समाधान’ के प्रति अपने लंबे समय से चले आ रहे समर्थन को दोहराया। साथ ही फलस्तीनी लोगों के प्रति भारत के निरंतर समर्थन की पुष्टि भी की। विदेश मंत्रालय में सचिव श्रीप्रिया रंगनाथन ने यह जानकारी दी।

खेल8 खेल भारत परिणाम

भारत ने पहले टेस्ट मैच में श्रीलंका को 165 रन से हराया

गॉल, मानव सुथार की शानदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने बुधवार को यहां श्रीलंका को पहले टेस्ट क्रिकेट मैच में 165 रन से हराकर दो मैच की श्रृंखला में 1-0 से बढ़त हासिल की।

खेल2 खेल ओलंपिक आईओए अय्यर

ओलंपिक 2036 को ध्यान में रखते हुए प्रतिभा पहचान का राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया जाएगा: अय्यर

नयी दिल्ली, भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) रघुराम अय्यर ने बुधवार को कहा कि 2036 में होने वाले ओलंपिक खेलों में 30 से लेकर 40 पदक जीतने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए कम उम्र के खिलाड़ियों की पहचान करने के लिए व्यापक राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया जाएगा।

भाषा प्रचेता मनीषा

मनीषा