Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

कोलकाता के एक होटल में भीषण आग लगने से नौ लोगों की मौत, मृतकों में बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल

कोलकाता, 19 अगस्त (भाषा) मध्य कोलकाता की मिर्जा गालिब स्ट्रीट में स्थित एक जर्जर पांच मंजिला इमारत में मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से चार वर्षीय बच्चे और दो महिलाओं समेत कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और छह अन्य झुलस गए। पुलिस ने बताया कि इस इमारत में कई होटल संचालित हो रहे थे।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि, आग रात करीब एक बज कर 45 मिनट पर लगी। आग बुझाने के लिए दमकल की पांच गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।

घटनास्थल पर पुलिस, दमकल और आपदा प्रबंधन विभाग के कर्मचारियों का बचाव अभियान जारी है।

एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, इस पांच मंजिला इमारत से 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

दमकल मंत्री कौशिक चौधरी ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि मृतकों में भारतीय और बांग्लादेशी, दोनों नागरिक दोनों शामिल हैं।

चौधरी ने कहा, ‘‘हम मृतकों की शिनाख्त की कोशिश कर रहे हैं। इमारत के अंदर की स्थिति बहुत खराब है। इस इमारत में कई होटल हैं। यहां जो कुछ चल रहा था, उसे देखकर मैं स्तब्ध हूं।’’

एक पुलिस अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘घने धुएं के कारण दमकलकर्मियों के लिए सीढ़ियां चढ़ना और ऊपरी मंजिलों तक पहुंचना मुश्किल हो रहा था। नौ लोगों की मौत हो चुकी है और छह झुलस गए हैं।’’

अधिकारी ने बताया कि मृतकों में छह पुरुष, दो महिलाएं और चार वर्षीय बच्चा शामिल है। उन्होंने कहा कि घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘फंसे हुए लोगों को बचाना हमारी प्राथमिकता है। इसके साथ ही आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। आग पर काबू पा लिया गया है लेकिन इमारत का तापमान बहुत अधिक है इसलिए वहां प्रशीतन अभियान जारी है।’’

मंत्री चौधरी ने कहा कि मौत का कारण दम घुटना हो सकता है।

उन्होंने कहा, 'घटना के दौरान लोग बाहर नहीं निकल पाए और कई कमरों में खिड़कियां भी नहीं थीं। हम एक ऐसे कमरे से एक दंपति को बाहर निकालने में सफल रहे, जिसमें खिड़की थी।'

आग लगने के कारण के बारे में पूछे जाने पर मंत्री ने कहा कि यह शॉर्ट सर्किट की वजह से हो सकती है।

उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक विशेषज्ञों की एक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए हैं।

चौधरी ने कहा कि होटल के अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा, “हमने अभी तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की है, लेकिन मामला दर्ज किया जाएगा। मैं इस बात से हैरान हूं कि पिछले प्रशासन ने ऐसे होटलों को संचालित करने की अनुमति कैसे दी। हम अपनी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हट रहे हैं, लेकिन मैं आपको विश्वास दिलाना चाहता हूं कि इस हादसे के लिए जो भी लोग जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

मंत्री ने कहा कि इमारत प्रबंधन ने बुनियादी सुरक्षा और निर्माण मानदंडों का पालन नहीं किया। आरोप है कि होटल के संचालन में कई अनियमितताएं थीं।

पश्चिम बंगाल अग्निशमन विभाग का मुख्यालय होटल की इमारत के पास ही स्थित है।

एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि इमारत का मालिक फिलहाल फरार है।

उन्होंने कहा, ‘‘इस संबंध में न्यू मार्केट थाने में मामला दर्ज किया जा रहा है और मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।’’

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने इमारत के मालिक का पता लगाने के लिए उसके आवास पर छापेमारी शुरू कर दी है।

मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी घटनास्थल पर जा सकते हैं।

भाषा प्रचेता शोभना

शोभना