Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

उत्तराखंड : पीपलकोटी सुरंग हादसे के एक घायल ने दम तोड़ा, मृतक संख्या बढ़कर 11 हुई

देहरादून, 19 अगस्त (भाषा) उत्तराखंड में चमोली जिले के पीपलकोटी में पिछले सप्ताह सुरंग हादसे में घायल एक श्रमिक ने बुधवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया जिससे दुर्घटना में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गयी । अधिकारियों ने यह जानकारी दी ।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) से मिली जानकारी के अनुसार, बिहार के गोपालगंज के रहने वाले रोहित पाण्डे (20) ने ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में दम तोड़ा ।

इसके साथ ही, 13 अगस्त की शाम को सुरंग में भूस्खलन के बाद मलबा और पानी भरने से हुए हादसे में मरने वालों की संख्या 11 हो गयी है ।

इससे पहले, मंगलवार को सुरंग से शेष बचे दो श्रमिकों के शव भी बरामद कर लिए गए थे ।

हादसे के दौरान करीब तीन किलोमीटर लंबी सुरंग में कुल 22 श्रमिक फंसे थे । इनमें से पाण्डे समेत 12 को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया था जबकि 10 अन्य के शव बरामद हुए थे ।

मंगलवार को घटनास्थल से दो श्रमिकों के शव बरामद होने के साथ ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), सेना, पुलिस और अन्य एजेंसियों की संयुक्त टीमों द्वारा 117 घंटे तक लगातार चलाया गया राहत एवं खोजबीन अभियान समाप्त कर दिया गया था ।

अधिकारियों ने बताया कि सुरंग के भीतर काफी दलदल और प्रतिकूल परिस्थितियों के बीच सभी टीमों ने आपसी समन्वय से इस चुनौतीपूर्ण अभियान को पूरा किया ।

भाषा दीप्ति

मनीषा

मनीषा