Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

भाजपा की सीट-बंटवारे की योजना विफल हो जाएगी: अखिलेश यादव

लखनऊ, 18 अगस्त (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगामी चुनाव से पहले अपने सहयोगी दलों के लिए सीट के बंटवारे की योजना पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यह कवायद विफल होगी, क्योंकि जनता ने सत्तारूढ़ दल को ‘‘पूरी तरह नकार’’ दिया है।

यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में सूत्रों के हवाले से दावा किया कि भाजपा कुछ चुनाव विशेषज्ञों की सलाह पर राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) को 73 सीट, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) को 39 सीट, निषाद पार्टी को 31 सीट और अपना दल को 19 सीट देने पर विचार कर रही है।

उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल 403 सीट हैं।

यादव ने कहा कि प्रस्तावित व्यवस्था को ‘‘सराहनीय’’ माना जा सकता है, लेकिन दावा किया कि यह सीट बंटवारा भी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) वर्गों की आबादी के अनुपात में मिलने वाले प्रतिनिधित्व के आधे से भी कम है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, बिजली, सड़क और भर्ती के मुद्दों पर सरकार के रिकॉर्ड के कारण भाजपा की यह योजना ‘‘विफल’’ हो जाएगी।

यादव ने भाजपा और उसके सहयोगी दलों पर ‘‘झूठे मुकदमों और फर्जी मुठभेड़ों’’ का सहारा लेने, लोगों के घरों और दुकानों को बुलडोजर से ध्वस्त करने, किसानों, श्रमिकों और पेशेवरों के अधिकारों की रक्षा करने में नाकाम रहने तथा भर्तियों में आरक्षण को कमजोर करने का भी आरोप लगाया।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अल्पकालिक अग्निवीर भर्ती योजना शुरू करके रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं का मनोबल कमजोर किया है।

यादव ने कहा कि सरकार विज्ञान और वैज्ञानिकों को पर्याप्त सम्मान देने में भी विफल रही है तथा ‘‘देश की संपत्ति बेच रही है।’’

सपा अध्यक्ष ने संविधान में बदलाव की साजिश किए जाने का भी आरोप लगाया।

यादव ने कहा, ‘‘लोगों ने भाजपा और उसके सहयोगी दलों को पूरी तरह नकार दिया है और उन्हें हमेशा के लिए विदाई देने के लिए उत्सुक हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आज हर कोई कहता है, हम भाजपा को नहीं चाहते।’’

यादव की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए उप्र भाजपा के उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “अखिलेश जी, हम सभी जानते हैं कि आपको फर्जी खबरें फैलाना कितना पसंद है। लेकिन कम से कम आपकी अपनी स्वीकारोक्ति से यह स्पष्ट है कि भाजपा और उसके सहयोगी 2027 के उप्र चुनाव से पहले एकजुट हैं, जबकि आपकी पार्टी अपने विधायकों को एक साथ रखने के लिए संघर्ष कर रही है।”

उन्होंने कहा, “हमारे सीट बंटवारे के फॉर्मूले की चिंता न करें। हमारा नेतृत्व इसे संभालने में सक्षम है। चुनाव खत्म होने पर अपनी पार्टी पर ध्यान केंद्रित करें। आपको वास्तविक खबरें पढ़ने को मिलेंगी। दीवार पर लिखी इबारत साफ है। हार के लिए तैयार रहें।”

रालोद नेता रोहित अग्रवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि 2027 के चुनाव के लिए सपा और कांग्रेस ने गठबंधन किया है और दोनों बराबर सीट पर चुनाव लड़ेंगे।

उन्होंने दावा किया, “इसका मतलब है कि सपा कांग्रेस को 200 सीट दे रही है।”

उप्र के मंत्री और अपना दल (एस) के नेता आशीष पटेल ने यादव की पोस्ट पर तीखी प्रतिक्रिया दी।

पटेल ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “अपना दल कैडर आधारित पार्टी है, जो जमीनी स्तर की राजनीति करती है। हम एसी कमरों से ‘ट्वीट’ और ‘रीट्वीट’ करने की राजनीति में शामिल नहीं होते हैं।”

भाषा जफर खारी

खारी