Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

कान्हा राष्ट्रीय उद्यान से सटे गांव में बाघ के हमले में युवक घायल

बालाघाट (मध्यप्रदेश), 18 अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में कान्हा राष्ट्रीय उद्यान (केएनपी) से सटे करेली गांव में बाघ के हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

केएनपी के अतिरिक्त निदेशक सुनील पांडरे ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि करेली निवासी संतोष मेश्राम पर रविवार को बाघ ने हमला किया था। इस हमले में उसके सिर और दोनों हाथों में चोटें आई हैं।

उन्होंने बताया कि उसका बैहर के अस्पताल में उपचार किया जा रहा है और चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत स्थिर है।

वन विभाग बाघ की गतिविधियों पर भी नजर रख रहा है।

मेश्राम ने वन विभाग के अधिकारियों को बताया कि वह जंगल से सटे अपने खेत में गया था, तभी अचानक बाघ ने उस पर हमला कर दिया, उसने लाठी से बाघ के सिर पर वार किया। शोर सुनकर कुछ लोग वहां पहुंचे, जिसके बाद बाघ जंगल की ओर भाग गया।

मेश्राम घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी।

बैहर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. कौशल कुमार ने बताया कि मरीज की हालत स्थिर है, लेकिन सिर में चोट होने के कारण उसकी लगातार निगरानी की जा रही है।

वन क्षेत्र बहुल बालाघाट जिले में इस महीने केएनपी से सटे ग्रामीण इलाकों में बाघ के हमले की यह तीसरी घटना है। इससे पहले दो अगस्त को पर्रापुर के बैगाटोला में घर में सो रही सुगनीबाई की बाघ के हमले में मौत हो गई थी। वहीं, 10 अगस्त को खैरलांजी में जंगल की ओर मवेशी चराने गए देवकराम बाघमारे और दो मवेशियों पर बाघ ने हमला कर दिया था, जिसमें सभी की मौत हो गई थी।

भाषा सं ब्रजेन्द्र

खारी

खारी