Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

भारत ने सीमा-पार आंतकवाद के खिलाफ लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया

नयी दिल्ली, 18 अगस्त (भाषा) भारत ने मंगलवार को सभी तरह की आतंकवादी गतिविधियों, खासकर सीमा-पार आतंकवाद का मुकाबला करने के अपने संकल्प को दोहराया।

भारत की यह प्रतिक्रिया आईएसआई समर्थित आतंकी नेटवर्क के भंडाफोड़ को पाकिस्तान द्वारा आंतरिक सुरक्षा चुनौतियों से ध्यान भटकाने की कोशिश करार दिये जाने के जवाब में आई है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि स्वतंत्रता दिवस से पहले 14 राज्यों में चलाए गए समन्वित अभियानों के दौरान पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई समर्थित आतंकवादी समूह ‘शहजाद भट्टी नेटवर्क’ के 200 से अधिक सदस्यों को गिरफ्तार किया गया, जिससे संगठन की विध्वंसक हमले करने की साजिश विफल हो गई।

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने अपनी प्रतिक्रिया में शाह के उन आरोपों को खारिज कर दिया जिनमें आरोपियों के तार पाकिस्तान से जुड़े होने की बात कही गई थी।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अपनी प्रेस वार्ता में कहा कि भारत आतंकवाद को बहुत गंभीरता से लेता है। वह पाकिस्तान प्रायोजित सीमा-पार आतंकवाद के बारे में पूछे गए एक सवाल का जवाब दे रहे थे।

जायसवाल ने कहा, ‘‘भारत आतंकवाद से बुरी तरह प्रभावित रहा है। पिछले कुछ वर्षों में हमने सीमा-पार आतंकवाद सहित आतंकवाद से लड़ने के लिए वैश्विक कार्रवाई को मजबूत और एकजुट करने की दिशा में बहुत प्रयास किए हैं और इसके खिलाफ हमारी लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आतंकवाद की समस्या को खत्म करने के लिए जो भी जरूरी कदम उठाने होंगे, हम वे उठाते रहेंगे।’’

जयसवाल ने शहजाद भट्टी नेटवर्क का भंडाफोड़ होने के संदर्भ में कहा कि भारत सरकार ने अपना पक्ष रख दिया है और वह उस पर कायम है।

शाह ने कहा कि सुरक्षा बलों ने संवर्धित विस्फोटक उपकरण (आईईडी), हथगोले, पिस्तौल, गोला-बारूद और जासूसी के लिए इस्तेमाल होने वाले सीसीटीवी कैमरे जब्त किए हैं।

पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने हालांकि शाह के बयान को ‘बेबुनियाद’ करार दिया था। उन्होंने भारत पर आरोप लगाया कि वह पाकिस्तान से जुड़े दावों का इस्तेमाल ‘अपनी घरेलू सुरक्षा चुनौतियों से ध्यान भटकाने’ के लिए कर रहा है।

जायसवाल ने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में हालात गंभीर हैं और वहां के लोगों को अंतरराष्ट्रीय समुदाय की सहानुभूति और एकजुटता की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की कार्रवाई के कारण इस इलाके में कई लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। साथ ही, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति पर भी प्रतिबंध लगा दिये गए हैं।

भाषा धीरज वैभव

वैभव