विशाखापत्तनम, 18 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) बुधवार से आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में शुरू हो रही तीन दिवसीय ‘अखिल भारतीय समन्वय बैठक’ में जनसांख्यिकीय असंतुलन और युवाओं पर मादक पदार्थों के दुरुपयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा करेगा।
अखिल भारतीय समन्वय बैठक में 30 से अधिक संगठनों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने कहा कि बैठक विशाखापत्तनम के नजदीक गुडिलोवा स्थित विज्ञान विहार स्कूल में 19 अगस्त को सुबह नौ बजे शुरू होगी और शुक्रवार शाम तक जारी रहेगी।
उन्होंने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘आगामी वार्षिक बैठकों में मुख्य रूप से जनसांख्यिकीय असंतुलन और युवाओं को प्रभावित करने वाले मादक पदार्थों के दुरुपयोग जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।’’
आंबेकर ने बताया कि इस कार्यक्रम में संघ से प्रेरित 32 संगठनों के प्रमुख पदाधिकारी हिस्सा लेंगे।
उन्होंने बताया कि आरएसएस के सरसंघचालक मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले और अन्य केंद्रीय पदाधिकारी विचार-विमर्श सत्र में शामिल होंगे।
विज्ञप्ति के मुताबिक इनके अलावा, भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस), विश्व हिंदू परिषद (विहिप), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी), भारतीय किसान संघ (बीकेएस) और राष्ट्र सेविका समिति सहित विभिन्न संगठनों के राष्ट्रीय अध्यक्ष, महासचिव और संगठन सचिव उपस्थित रहेंगे।
आंबेकर ने स्पष्ट किया कि यह बैठक कोई कार्यकारी फ़ैसला लेने के लिए नहीं है, बल्कि इसका मुख्य उद्देश्य आपसी अनुभव साझा करना और समाज की बेहतरी के लिए अलग-अलग संगठनों के बीच तालमेल बढ़ाना है।
भाषा धीरज वैभव
वैभव