जम्मू, 18 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) से जुड़े मामलों की सुनवाई करने वाली विशेष अदालत ने जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी गतिविधियों में संलिप्तता के मामले में पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर मोहम्मद याकूब के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने एनआईए अदालत के एक आदेश के हवाले से बताया कि याकूब के खिलाफ पिछले महीने गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था। वह पाकिस्तानी मूल का घोषित आतंकवादी है और उसे अबू सुमामा, सुमामा इलियास तथा वारिस अली जैसे नामों से भी जाना जाता है।
याकूब लश्कर-ए-तैयबा का दूसरा शीर्ष आतंकवादी कमांडर है, जिसके खिलाफ जम्मू की एनआईए अदालत ने आठ जुलाई के बाद से गैर-जमानती वारंट जारी किया है।
इससे पहले, विशेष एनआईए अदालत ने पहलगाम आतंकवादी हमले के मामले में लश्कर प्रमुख हाफिज सईद के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था।
याकूब उन 23 लोगों में शामिल है, जिन्हें केंद्रीय गृह मंत्रालय ने चार जुलाई को आतंकवादी घोषित किया था। वह इस्लामाबाद (चट्टा बख्तावर) में लश्कर-ए-तैयबा के अभियान कमांडर के रूप में काम करता है और भारत में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए कश्मीर में सक्रिय लश्कर के अन्य कारिदों को वित्तीय एवं रसद सहायता मुहैया कराने का जिम्मा संभालता है।
अधिकारियों के मुताबिक, याकूब को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की धारा-35 के तहत आतंकवादी घोषित किया गया है। उन्होंने बताया कि एनआईए ने श्रीनगर के एक थाने में यूएपीए, शस्त्र अधिनियम और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत दर्ज मामले की जांच के सिलसिले में याकूब के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी करने का अनुरोध किया था।
अधिकारियों के अनुसार, यह मामला 2026 की शुरुआत में गुर्जर टेंट, पंडाच में मोटरसाइकिल सवार मोहम्मद नकीब भट की गिरफ्तारी और उसके पास से एक चीनी ग्रेनेड तथा 15 कारतूस बरामद किए जाने के घटनाक्रम से जुड़ा हुआ है।
भट की गिरफ्तारी के बाद देश के विभिन्न राज्यों में फैले एक बड़े आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ और चार अन्य आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें दो पाकिस्तानी नागरिक—अब्दुल्ला राजपूत उर्फ कामरान अहमद और खुबैब उर्फ उस्मान जट्ट—शामिल हैं।
एनआईए ने अदालत को बताया कि गिरफ्तार आतंकवादियों से मिली जानकारी और एकत्र किए गए साक्ष्यों के आधार पर जांच में पाकिस्तान स्थित आतंकवादी कमांडर मोहम्मद याकूब की संलिप्तता सामने आई है।
एजेंसी ने कहा कि याकूब ने गिरफ्तार आरोपियों को घाटी में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए निर्देश दिए थे, जिनमें सुरक्षा बलों और आम नागरिकों पर हमले करना भी शामिल था।
भाषा पारुल वैभव
वैभव