Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

मध्यप्रदेश के भिंड में ट्रक और डंपर की टक्कर में आठ मजदूरों की मौत, 32 घायल

भिंड/लखीमपुर खीरी (उप्र), 18 अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के भिंड जिले में एक ट्रक के डंपर से टकराने के कारण आठ मजदूरों की मौत हो गई और 32 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह हादसा भिंड-ग्वालियर राष्ट्रीय राजमार्ग पर छिमका गांव के पास सोमवार देर रात करीब एक बजे हुआ।

उसने बताया कि ये मजदूर ग्वालियर में धान की रोपाई का काम पूरा करने के बाद ट्रक में सवार होकर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में अपने गांव लौट रहे थे।

गोहद चौराहा के थाना प्रभारी रामनरेश यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राजमार्ग पर बैठे मवेशियों से बचने की कोशिश में ट्रक चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा।

यादव के मुताबिक वाहन गलत दिशा में चला गया और सामने से आ रहे डंपर से उसकी सीधी टक्कर हो गई।

उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई मजदूर उसमें फंस गए।

थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे में पांच मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।

उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना में 32 अन्य मजदूर घायल हुए हैं।

यादव ने कहा कि पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से ट्रक में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला गया।

उन्होंने कहा कि सभी घायलों को गोहद के अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।

थाना प्रभारी के अनुसार गंभीर रूप से घायल मजदूरों को ग्वालियर रेफर कर दिया गया।

लखीमपुर खीरी की पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग ने आठ लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए हादसे पर दुख जताया।

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मृतकों में छह की पहचान हो गयी है।

उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान मोहम्मदी क्षेत्र के बेला तुरसिया गांव के निवासी उपदेश, अमर सिंह, सुखदेव और रजनीश, हरना नेओली गांव के सुभाष और पसगवा क्षेत्र के किशनपुर अजीत गांव गांव के गुड्डू (45) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि दो मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

मोहम्मदी थाना प्रभारी उमेश चौरसिया ने बताया कि मृतकों और घायलों के परिवार के कुछ सदस्य दुर्घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।

बेला तुरसिया गांव की प्रधान सरला देवी के बेटे अंकित ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद कई मजदूरों के परिवार वाले भिंड पहुंच गए हैं।

अंकित ने बताया कि मृतकों में से पांच और घायलों में से 11 बेला तुरसिया गांव के थे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि भिंड में हुआ हादसा अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों को मध्यप्रदेश सरकार के साथ समन्वय कर उत्तर प्रदेश के मृतकों के पार्थिव शरीर उनके गृह जिलों तक पहुंचाने और उनके परिवारों को सौंपने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था करने को भी कहा।

भाषा सं दिमो खारी

खारी