Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

बांग्लादेश के साथ साझा हितों, सहयोग पर आधारित रचनात्मक संबंध चाहता है भारत: विदेश मंत्रालय

नयी दिल्ली, 18 अगस्त (भाषा) बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान की नयी दिल्ली यात्रा को लेकर अनिश्चितता के बीच भारत ने मंगलवार को कहा कि वह ढाका के साथ ‘‘आपसी हितों और परस्पर सहयोग’’ पर आधारित ‘‘सकारात्मक और रचनात्मक’’ संबंध चाहता है।

पांच अगस्त को पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना द्वारा नयी दिल्ली में डिजिटल माध्यम से मीडिया से बातचीत के बाद दोनों देशों के संबंधों में एक बार फिर तनाव पैदा हो गया। हसीना की मीडिया से बातचीत के बाद बांग्लादेश ने उनकी प्रत्यर्पण की मांग दोहराई और इसे रहमान की संभावित भारत यात्रा से जोड़ने की कोशिश भी की।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने प्रेस वार्ता में कहा, ‘‘भारत बांग्लादेश के साथ साझा हितों और परस्पर सहयोग पर आधारित सकारात्मक एवं रचनात्मक संबंध चाहता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री के संवाददाता सम्मेलन पर हमारा रुख दोहराने की जरूरत नहीं है। प्रत्यर्पण के मुद्दे पर हमारा लगातार यही रुख रहा है कि इन अनुरोधों पर तय प्रक्रियाओं के तहत गौर किया जा रहा है।’’

हसीना के संवाददाता सम्मेलन के बाद भारत ने इससे खुद को अलग करते हुए कहा कि नयी दिल्ली की इसमें न तो कोई भूमिका थी और न ही वह हसीना की टिप्पणियों का समर्थन करता है।

दोनों देशों के बीच जारी तनाव के बीच भारत ने प्रधानमंत्री रहमान को द्विपक्षीय यात्रा के लिए आमंत्रित किया है। उन्हें नयी दिल्ली में होने वाले आगामी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के संवाद सत्र में शामिल होने के लिए भी आमंत्रित किया गया है।

भारत 12 और 13 सितंबर को नयी दिल्ली में वार्षिक ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। सम्मेलन में पश्चिम एशिया संकट के आर्थिक प्रभाव समेत कई गंभीर वैश्विक चुनौतियों पर व्यापक चर्चा होने की संभावना है।

बांग्लादेश द्वारा मौजूदा ऊर्जा संकट से निपटने में भारत से मदद मांगे जाने के सवाल पर जायसवाल ने संकेत दिया कि इस अनुरोध पर विचार किया जा रहा है।

भाषा आशीष दिलीप

दिलीप