Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

उप्र: कानून की छात्रा ने परिवार पर ‘हलाला’ के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया, मामला दर्ज

बरेली, 18 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के बरेली में विधि की एक छात्रा ने आरोप लगाया कि उसके भाई और भाभी ने तलाकशुदा पति के पास लौटने के लिए उस पर ‘हलाला’ करने का दबाव बनाया और इनकार करने पर उसे पीटा। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

महिला एलएलबी की पढ़ाई कर रही है और बरेली अदालत में एक अधिवक्ता के चैंबर में प्रशिक्षु के तौर पर काम भी करती है।

पुलिस के मुताबिक, महिला ने इज्जतनगर थाने में अपने भाइयों मोहम्मद आरिफ व मोहम्मद अरशद, अपनी भाभी ताहिरा व सना उर्फ वली तथा एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

इज्जतनगर थाना प्रभारी सुरेश गौतम ने बताया कि शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2) (जानबूझकर चोट पहुंचाना), 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) और 351(3) (आपराधिक धमकी) समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनकी मांग नहीं मानने पर उसे घर से निकालने और नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि रविवार को हुए विवाद के दौरान एक आरोपी ने उसका गला दबाया जबकि दूसरे ने लात-घूंसे बरसाए।

महिला ने बताया कि उसने अपने पूर्व पति से अदालत के जरिए तलाक लिया है और वह ‘हलाला’ नहीं कराना चाहती।

उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार के कुछ सदस्य उस पर कानून की पढ़ाई और वकालत छोड़ने के लिए भी दबाव बना रहे हैं।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसका पूर्व पति भी उस पर ‘हलाला’ के लिए दबाव डाल रहा है।

भाषा सं जफर जितेंद्र

जितेंद्र