Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

आंध्र प्रदेश आत्महत्या मामला : पंचायत राज अधिकारी का शव बरामद, दो अन्य की तलाश जारी

राजमुंदरी (आंध्र प्रदेश), 18 अगस्त (भाषा) पंचायत राज विभाग के सहायक अभियंता जी. नुकराजू का शव मंगलवार को गोदावरी नदी से बरामद कर लिया गया, जबकि नदी में कूदे उनके परिवार के दो अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, नुकराजू रविवार शाम अपनी पत्नी, बेटी और पांचवीं कक्षा में पढ़ रहे अपने नाती के साथ कोव्वूर से राजमुंदरी की ओर रवाना हुए थे। उनके साथ एक चालक भी था। बाद में परिवार ने चालक को वापस भेज दिया और नुकराजू की बेटी ने आगे की यात्रा के दौरान वाहन की कमान संभाली।

पुलिस ने बताया कि रात करीब 11.45 बजे यहां रोड सह रेल पुल के पास नुकराजू की पत्नी कथित तौर पर गोदावरी नदी में कूद गईं। इसके बाद नुकराजू, उनकी बेटी और नाती ने भी नदी में छलांग लगा दी। तैराकी में माहिर और अखिल भारतीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके बच्चे को बाद में स्थानीय मछुआरों ने बचा लिया।

पूर्वी गोदावरी जिले के दक्षिण क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) ए. शिवप्रिय ने बताया कि नुकराजू का शव सोमवार देर रात बरामद कर लिया गया। राज्य आपदा मोचन बल की टीम भी स्थानीय नाविकों के साथ मिलकर दो अन्य लोगों की तलाश कर रही हैं।

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “हमने पंचायत राज सहायक अभियंता नुकराजू का शव बरामद कर लिया है और दो अन्य लोगों की तलाश जारी है, जो अभी तक नहीं मिले हैं।”

डीएसपी ने बताया कि पुलिस ने शेख सादिक खान की तलाश के लिए भी टीम गठित की हैं, क्योंकि कथित तौर पर नुकराजू द्वारा लिखे गए सुसाइड नोट में उसका नाम लिया गया है।

नोट में नुकराजू ने खान पर उनके परिवार को परेशान करने, घर में विवाद पैदा करने और उनके बैंक खातों पर नियंत्रण हासिल करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि खान ने परिवार को मामले की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी थी।

शिवप्रिय ने बताया कि खान राइफल शूटिंग प्रशिक्षक के तौर पर काम करता है।

भाषा

राखी दिलीप

दिलीप