Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

प्रज्ञानानंदा ने कारुआना को बराबरी पर रोका

सेंट लुइस (अमेरिका), 18 अगस्त (भाषा) भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा ने सिंकफील्ड कप के सातवें दौर में अमेरिका के फैबियानो कारुआना के खिलाफ काले मोहरों से संघर्षपूर्ण ड्रॉ खेलकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली।

इस परिणाम के बाद भारतीय खिलाड़ी चार अंकों के साथ कारुआना और फ्रांस के मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। अमेरिका के वेस्ली सो 4.5 अंकों के साथ शीर्ष पर बने हुए हैं।

प्रज्ञानानंदा का यह परिणाम ग्रैंड चेस टूर के साल के अंत में होने वाले ग्रैंड फिनाले में जगह बनाने की उनकी संभावनाओं के लिए भी अहम है।

चार लाख 75 हजार डॉलर की पुरस्कार राशि वाले इस टूर्नामेंट में अब केवल दो दौर बाकी हैं।

जर्मनी के विंसेंट कीमर, अमेरिका के लेवोन अरोनियन और सैमुअल सेवियन तथा विश्व चैंपियनशिप के दावेदार जावोखिर सिंदारोव 3.5-3.5 अंकों के साथ संयुक्त पांचवें स्थान पर हैं। नीदरलैंड के अनीश गिरी तीन अंकों के साथ नौवें स्थान पर हैं, जबकि उनके हमवतन जॉर्डन वान फोरेस्ट सबसे निचले स्थान पर हैं।

कारुआना ने भारतीय खिलाड़ी पर दबाव बनाने की कोशिश की लेकिन प्रज्ञानानंदा ने सटीक चालों से मुकाबले पर अपनी पकड़ कमजोर नहीं होने दी। यह मुकाबला 56 चालों के बाद ड्रॉ पर समाप्त हुआ।

वेस्ली सो और गिरी के बीच खेली गयी बाजी भी ड्रॉ रही।

भाषा आनन्द आनन्द सुधीर

सुधीर