Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

गढ़चिरौली के स्कूल में सर्पदंश की घटना: सर्जरी के बावजूद 14 वर्षीय लड़की की हालत गंभीर

नागपुर, 18 अगस्त (भाषा) पूर्वी महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में आदिवासी बच्चों के आवासीय विद्यालय में सांप के काटने से घायल छह छात्रों में शामिल 14 वर्षीय लड़की की मस्तिष्क की सर्जरी के बावजूद उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पिछले हफ्ते धनोरा तहसील के जप्तलाई गांव के ‘आश्रम’ स्कूल में सांप के काटने से तीन लड़कियों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

समृद्धि नेताम को शुरू में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन हालत बिगड़ने पर 15 अगस्त को उसे विशेष सुविधाओं वाली एंबुलेंस से सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, नागपुर भेज दिया गया।

जीएमसीएच के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अविनाश गावंडे ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि चिकित्सकों को आशंका है कि सांप के जहर और अन्य जटिलताओं के कारण छात्रा के मस्तिष्क को काफी नुकसान पहुंचा है।

गावंडे ने बताया कि कुछ दिन पहले छात्रा की मस्तिष्क की सर्जरी की गई थी लेकिन वह अब भी वेंटिलेटर पर है और उसे बाल चिकित्सा गहन चिकित्सा इकाई (पीआईसीयू) में जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है।

उन्होंने कहा कि छात्रा की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।

भाषा सुरभि अविनाश

अविनाश