Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

हरियाणा में संपत्ति हस्तांतरण पर स्टाम्प शुल्क छूट बेटी के बच्चों के लिए भी, स्पष्टीकरण जारी

चंडीगढ़, 18 अगस्त (भाषा) हरियाणा सरकार ने संपत्ति हस्तांतरण के मामले में परिवारों को राहत देते हुए स्पष्ट किया कि अचल संपत्ति के ‘आजीवन हस्तांतरण’ पर स्टाम्प शुल्क में पूर्ण छूट का लाभ पुत्रियों के बच्चों को भी मिलेगा।

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की वित्तीय आयुक्त सुमिता मिश्रा ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार ने 2014 की अपनी अधिसूचना के हिंदी अनुवाद में भाषाई अस्पष्टता को दूर करने के लिए एक औपचारिक सुधार जारी किया है।

मिश्रा ने बताया कि 16 जून, 2014 को हरियाणा सरकार ने भारतीय स्टाम्प अधिनियम, 1899 की धारा-9 के तहत संपत्ति के मालिक के जीवित रहते हुए माता-पिता, बच्चे, पोते-पोतियां, भाई-बहन जैसे रक्त संबंधों और जीवनसाथी के पक्ष में किए गए संपत्ति हस्तांतरण के दस्तावेजों पर 100 प्रतिशत स्टाम्प शुल्क माफ कर दिया था।

आधिकारिक बयान के अनुसार, अंग्रेजी पाठ में व्यापक रूप से ‘ग्रैंड चिल्ड्रन’ शब्द का प्रयोग किया गया था, जबकि हिंदी अधिसूचना में केवल ‘पौत्र-पौत्री’ (पुत्र के बच्चों) का उल्लेख था। इस शब्दावली ने स्थानीय उप-पंजीयक कार्यालयों में भ्रम पैदा किया, जिससे अक्सर पुत्री के बच्चों को शून्य-शुल्क लाभ से वंचित होना पड़ता था।

हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने इस समस्या के समाधान के लिए एक शुद्धि-पत्र जारी किया, जिसमें ‘पौत्र-पौत्री’ वाक्यांश को ‘पौत्र-पौत्री, दोहता-दोहती/नाती-नातिन’ से बदल दिया गया। इससे स्टाम्प शुल्क छूट के मामले में पुत्र तथा पुत्री के बच्चों को समान लाभ मिलेगा।

भाषा अजय

अजय निहारिका

निहारिका