Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

जनगणना से पहले मणिपुर के लोगों की एनआरसी की मांग के बारे में अमित शाह को अवगत कराया: बीरेन सिंह

इंफाल, 18 अगस्त (भाषा) मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर उन्हें राज्य में जनगणना संबंधी किसी भी गतिविधि से पहले राज्य के लोगों की राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) की मांग के बारे में अवगत कराया।

नयी दिल्ली के दो दिन के दौरे के बाद आज सुबह इंफाल पहुंचे सिंह ने कहा कि उन्होंने आर्थिक नाकेबंदी के मुद्दों को भी उठाया, जिसके कारण जरूरी सामान की आपूर्ति में रुकावट आई और कीमतें बढ़ गईं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैं गृह मंत्री अमित शाह से मिलने दिल्ली गया था और उनसे मिलने के लिए समय देने का अनुरोध किया था। कल मेरी उनसे मुलाकात हुई। मैंने उन्हें आर्थिक नाकेबंदी और उसके जवाब में की गई नाकेबंदी से जुड़े मुद्दों के बारे में बताया, जिनकी वजह से जरूरी सामान की कीमतें बढ़ गईं और सामान की आपूर्ति पर असर पड़ा है। शाह ने मुझे इन मुद्दों को जल्द हल करने का भरोसा दिलाया।’’

सिंह ने कहा कि उन्होंने शाह को राज्य में जातीय हिंसा भड़कने से पहले फरवरी 2023 में उनकी सरकार द्वारा उठाई गई राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) तैयार करने की मांग को लेकर लोगों की अपील से अवगत कराया।

मई 2023 से मेइती और कुकी-जो समूहों के बीच जारी जातीय हिंसा में 260 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘उस समय गृह मंत्रालय और भारत के महापंजीयक ने बताया था कि तत्कालीन सरकार की ओर से भेजी गई मांग पर विचार किया जा रहा है।’’

सिंह ने कहा कि उन्होंने शाह को यह भी बताया कि लोग जनगणना कराने के खिलाफ नहीं हैं बल्कि उनकी मांग है कि पहले एनआरसी कराई जाए और उसके बाद जनगणना हो।

भाषा सुरभि मनीषा

मनीषा