Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

कटिहार और पटना में नदी में डूबने से छह बच्चों की मौत

कटिहार/पटना, 17 अगस्त (भाषा) बिहार के कटिहार और पटना जिलों में सोमवार को अलग-अलग घटनाओं में नदी में डूबने से कम से कम छह बच्चों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पहली घटना कटिहार जिले में फलका थाना क्षेत्र की है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि सावन महीने के तीसरे सोमवार के अवसर पर पांच बच्चे अपने परिवार के सदस्यों के साथ कमला घाट पर स्नान करने गए थे तभी तीन बच्चे गहरे पानी में चले जाने के कारण डूबने लगे।

स्थानीय लोगों ने दो बच्चों को बचा लिया, जबकि तीन अन्य की डूबने से मौत हो गई।

मृतकों की पहचान अमन कुमार (12), प्रिंस कुमार (10) और सत्यम कुमार (13) के रूप में हुई है।

कटिहार के कोढ़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सा पदाधिकारी पूजा कुमारी ने संवाददाताओं से कहा, “जब तीन बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।”

इसी तरह की एक अन्य घटना में पटना जिले के बख्तियारपुर प्रखंड में सोमवार को गंगा नदी में नहाने के दौरान तीन बच्चे डूब गए और एक अन्य बच्चा लापता हो गया।

बख्तियारपुर थाना प्रभारी देवानंद शर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘संबंधित कर्मियों ने तीन शव बरामद कर लिए हैं और एक बच्चा अब भी लापता है। लापता बच्चे की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है।’’

भाषा कैलाश खारी

खारी