Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

शबनम सिन्हा होंगी एयरटेल पेमेंट्स बैंक की नई चेयरपर्सन, सुनील मित्तल की लेंगी जगह

नयी दिल्ली, 17 अगस्त (भाषा) एयरटेल पेमेंट्स बैंक ने सोमवार को नेतृत्व में बदलाव की घोषणा की। इसके तहत सुनील मित्तल 30 सितंबर, 2026 को गैर-कार्यकारी चेयरमैन के रूप में अपना कार्यकाल पूरा करने के बाद निदेशक मंडल से भी हट जाएंगे।

सिन्हा फिलहाल एयरटेल पेमेंट्स बैंक के निदेशक मंडल में स्वतंत्र निदेशक हैं। वह धोखाधड़ी की निगरानी के लिए गठित निदेशक मंडल की विशेष समिति की प्रमुख हैं तथा जोखिम प्रबंधन और सूचना प्रौद्योगिकी समितियों की सदस्य भी हैं।

कंपनी ने बयान में कहा कि सुनील मित्तल गैर-कार्यकारी चेयरमैन के रूप में अपना कार्यकाल पूरा करने के बाद 30 सितंबर, 2026 से निदेशक मंडल से हट जाएंगे।

बयान के अनुसार, निदेशक मंडल की नियुक्ति और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मंजूरी के बाद सिन्हा एक अक्टूबर, 2026 से तीन साल के लिए एयरटेल पेमेंट्स बैंक की चेयरपर्सन का पद संभालेंगी।

भारती एंटरप्राइजेज के संस्थापक एवं चेयरमैन मित्तल को अप्रैल, 2016 में एयरटेल पेमेंट्स बैंक का गैर-कार्यकारी चेयरमैन नियुक्त किया गया था।

एयरटेल पेमेंट्स बैंक ने कहा कि मित्तल के नेतृत्व में बैंक राजस्व के लिहाज से भारत का सबसे बड़ा भुगतान बैंक बन गया और उपभोक्ता तथा उद्यम, दोनों क्षेत्रों में उसकी मजबूत मौजूदगी बनी।

बयान के अनुसार, वर्तमान में बैंक एयरटेल थैंक्स ऐप के जरिये हर महीने 12.1 करोड़ से अधिक सक्रिय उपयोगकर्ताओं और करीब तीन करोड़ बैंक खाताधारकों को सेवाएं दे रहा है। इसके लिए पांच लाख से अधिक बैंकिंग केंद्रों का नेटवर्क है, जो देश का सबसे बड़ा नेटवर्क है और भारत के चार में से तीन गांवों तक पहुंचता है।

बैंक ने देशभर में औपचारिक बैंकिंग सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ-साथ देश का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल बैंक और यूपीआई ऑटोपे सेवा प्रदाता बनने की दिशा में भी विस्तार किया है।

मित्तल ने कहा कि एयरटेल पेमेंट्स बैंक की अध्यक्षता करना और इसे आसान पहुंच पर केंद्रित पहल से शहरी तथा ग्रामीण भारत में लाखों ग्राहकों को सेवाएं देने वाली विश्वसनीय संस्था के रूप में विकसित होते देखना उनके लिए सम्मान की बात रही है।

उन्होंने कहा कि बैंक ने देश के सबसे बड़े बैंकिंग नेटवर्क में से एक बनाया, वंचित समुदायों को औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा और सुरक्षित, डिजिटल-केंद्रित सेवाएं उपलब्ध कराईं।

उन्होंने विश्वास जताया कि शबनम सिन्हा के नेतृत्व में बैंक इस मजबूत आधार को आगे बढ़ाएगा और प्रमुख डिजिटल बैंकिंग मंचों में अपनी स्थिति और मजबूत करेगा।

भाषा योगेश अजय

अजय