Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

मजदूरी मांगने पर युवक की पीट-पीटकर हत्या, दो लोग गिरफ्तार

जयपुर, 17 अगस्त (भाषा) जयपुर के मुहाना थाना क्षेत्र में मजदूरी के बकाया 1,200 रुपये को लेकर हुए विवाद में एक युवक की लाठी और सरियों से हमला कर कथित तौर पर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मामले में ठेकेदार समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक बाल अपचारी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि मृतक की पहचान नीमकाथाना जिले के मावंडा कलां निवासी सचिन कुमार वर्मा (25) के रूप में हुई है। उसके भाई सुरेंद्र कुमार की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि अभयपुरा रिंग रोड के पास के निवासी ठेकेदार बुधराम बलाई और उसके साथी कृष्ण बलाई को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, एक बाल अपचारी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, सचिन टाइल लगाने का काम करता था और महाराष्ट्र में काम करने के बाद करीब एक महीने पहले अपने गांव लौटा था। उसे 17 अगस्त को महाराष्ट्र लौटना था, लेकिन ट्रेन छूट जाने के कारण वह जयपुर में ही रुक गया।

पुलिस के मुताबिक, 16 अगस्त की रात सचिन मुहाना क्षेत्र के अभयपुरा में अपने दोस्त हैप्पी के कमरे पर गया था जहां दोनों ने कथित तौर पर शराब पी।

उसने कहा, ‘‘पूछताछ में हैप्पी ने बताया कि ठेकेदार बुधराम पर टाइल लगाने की मजदूरी के 1,900 रुपये बकाया थे, जिसमें से 700 रुपये मिल चुके थे और 1,200 रुपये बाकी थे।’’

पुलिस ने कहा, ‘‘इसके बाद सचिन अपने दोस्त हैप्पी के साथ अभयपुरा रिंग रोड के पास ठेकेदार बुधराम से बकाया 1,200 रुपये मांगने पहुंचा। वहां कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई।’’

उसने बताया कि इसी दौरान बुधराम, उसके साथी कृष्ण और एक नाबालिग ने सचिन पर लाठी और सरियों से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से सचिन की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

भाषा बाकोलिया खारी

खारी