Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

रुपया 19 पैसे टूटकर 95.61 प्रति डॉलर पर

मुंबई, 17 अगस्त (भाषा) कमजोर घरेलू शेयर बाजार और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच रुपया सोमवार को 19 पैसे टूटकर 95.61 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि अमेरिका और ईरान के बीच समझौते में देरी, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों तथा डॉलर की व्यापक मजबूती के दबाव से रुपये की विनिमय दर में हल्की नकारात्मक धारणा रहने के आसार हैं।

इसके अलावा, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा एफसीएनआर (बी) जमा के लिए अपनी मुद्रा अदला-बदली सुविधा केवल 31 अगस्त तक जुटाई गई जमाओं के लिए उपलब्ध होने की घोषणा के बाद से भी निवेशक सतर्क हैं। इससे पहले विदेशी मुद्रा प्रवासी (बैंक) या एफसीएनआर (बी) जमाओं के लिए ‘कट-ऑफ’ तारीख 31 सितंबर थी।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.50 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 95.49 से 95.68 प्रति डॉलर के दायरे में रहा। अंत में यह 95.61 प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से 19 पैसे की गिरावट है।

रुपया शुक्रवार को तीन पैसे मजबूत होकर 95.42 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि कमजोर घरेलू बाजारों और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण रुपये में गिरावट आई। हालांकि, डॉलर में नरमी ने रुपये की गिरावट को सीमित किया।

उन्होंने कहा, ‘‘ अमेरिका और ईरान के बीच समझौते में देरी तथा कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण रुपये में हल्की नकारात्मक धारणा रहने के आसार हैं।’’

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.26 प्रतिशत टूटकर 99.40 पर रहा।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल वायदा कारोबार में 0.99 प्रतिशत चढ़कर 89.40 डॉलर प्रति बैरल पर था।

घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 281.09 अंक टूटकर 77,728.16 अंक पर जबकि निफ्टी 78.35 अंक की गिरावट के साथ 24,287.65 अंक पर बंद हुआ।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने सोमवार को शुद्ध रूप से 2,535.10 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

गौरतलब है कि भारतीय रिजर्व बैंक ने 14 अगस्त को कहा था कि विदेशी मुद्रा प्रवाह को प्रोत्साहित करने के लिए शुरू की गई उसकी रियायती मुद्रा अदला-बदली सुविधा के तहत 13 अगस्त तक 56.84 अरब अमेरिकी डॉलर मिले हैं।

एफसीएनआर (बी) योजना के तहत बैंक विदेशी मुद्रा जमा जुटाने के लिए आकर्षक ब्याज दरों की पेशकश करते हैं।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय