Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

रेखा गुप्ता ने ‘दिल्ली को कूड़े से आजादी-स्वच्छता अभियान 2026’ की शुरुआत की

नयी दिल्ली, 17 अगस्त (भाषा) मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 'दिल्ली को कूड़े से आजादी-स्वच्छता अभियान 2026' की सोमवार को शुरुआत की जो दो अक्टूबर तक चलेगा। इसके साथ ही सरकार ने वार्ड-स्तरीय प्रतियोगिता और हर महीने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले वार्डों के लिए एक करोड़ रुपये तक के वित्तीय प्रोत्साहन की घोषणा की।

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) मुख्यालय में एक कार्यक्रम के दौरान शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य स्वच्छता में सुधार करना, कचरा प्रबंधन को मजबूत करना और लोगों को अपने आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने के लिए प्रोत्साहित करना है।

गुप्ता ने कहा कि स्वच्छता को किसी विशेष विभाग या नगर निकाय एजेंसी पर नहीं छोड़ा जा सकता है और इसे दिल्ली के निवासियों की साझा जिम्मेदारी बनना होगा।

उन्होंने कहा कि उद्देश्य केवल स्वच्छता अभियान चलाना नहीं है, बल्कि स्वच्छता को लोगों के दैनिक व्यवहार और जीवनशैली का हिस्सा बनाना है।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) एक बयान के अनुसार, इस अभियान के तहत सबसे साफ वार्ड को उसके प्रदर्शन के आधार पर हर महीने एक करोड़ रुपये मिलेंगे। यदि कोई वार्ड लगातार दूसरे महीने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करता है तो उसे फिर से एक करोड़ रुपये तक का अतिरिक्त प्रोत्साहन मिल सकता है और वर्षभर में एक वार्ड को 12 करोड़ रुपये तक का मुख्यमंत्री विकास निधि (सीएमडीएफ) से राशि उपलब्ध कराई जा सकती है।

गुप्ता ने कहा, “यह कोष प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर मिलेगा। वार्डों की स्वच्छता का आकलन एक स्वतंत्र एजेंसी की रिपोर्ट, अधिकारियों की रिपोर्ट और नागरिकों/सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के आधार पर किया जाएगा।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी वार्ड में कूड़ा पड़ा होने की शिकायत सामने आती है तो संबंधित वार्ड को प्रतियोगिता से बाहर किया जा सकता है।

केंद्रीय राज्य मंत्री और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि ‘दिल्ली को कूड़े से आजादी’ का संकल्प केवल सफाई व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लोगों की सोच और व्यवहार में स्वच्छता को शामिल करने का अभियान है।

शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल दिल्ली के रूप-रंग को बदलना ही नहीं है, बल्कि स्वच्छता के प्रति लोगों के दृष्टिकोण को भी बदलना है।

उन्होंने कहा, 'किसी मोहल्ले, पार्क, सड़क या पीछे की गली की स्वच्छता नागरिकों के लिए उतनी ही मायने रखनी चाहिए जितनी कि उनके अपने घरों की स्वच्छता।'

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम के बीच बेहतर तालमेल से कचरा प्रबंधन, स्वच्छता और सार्वजनिक स्थानों के रखरखाव को मजबूत करने में मदद मिल रही है।

यह अभियान कचरा प्रबंधन के चार 'सी' ‘कलेक्शन’ (संग्रहण), ‘क्लीनिंग’ (सफाई), ‘कन्वर्जन’ (अलग अलग करना) और सर्कुलर इकोनॉमी (चक्रीय अर्थव्यवस्था) पर केंद्रित होगा।

बयान के मुताबिक, स्रोत पर ही कचरे को अलग करने, समय पर संग्रहण और कचरे के वैज्ञानिक प्रसंस्करण को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही कचरे को संसाधनों में बदलने और हरित ईंधन तथा चक्रीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के प्रयास किए जाएंगे।

सरकार ने अभियान के दौरान लक्षित अभियानों की एक श्रृंखला की भी योजना बनाई है। झुग्गी-झोपड़ियों में 23 और 30 अगस्त तथा छह और 13 सितंबर को विशेष स्वच्छता अभियान चलाए जाएंगे, जबकि सप्ताहांत पर सार्वजनिक शौचालयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

पार्कों से हरित अपशिष्ट को साफ करने का अभियान एक से 10 सितंबर तक चलाया जाएगा, जबकि सरकारी अस्पतालों में 17 सितंबर को विशेष स्वच्छता अभियान चलेगा।

बयान के अनुसार, 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक, सरकारी विद्यालय 'मेरा स्कूल, सबसे सुंदर' प्रतियोगिता में भाग लेंगे, जिसके साथ ही शून्य-अपशिष्ट परिसर पहल भी चलाई जाएगी।

सरकार ने कहा कि स्वच्छता बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 70 ‘मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनें’, प्रत्येक वार्ड के लिए कचरा उठाने वाले अतिरिक्त वाहन और निर्माण तथा विध्वंस मलबे के लिए 125 द्वितीयक संग्रहण केंद्र विकसित किए जा रहे हैं।

शहरी विकास विभाग ने एमसीडी, नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) और दिल्ली छावनी बोर्ड को विस्तृत कार्य योजना तैयार करने और अभियान की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

बयान के मुताबिक, योजना के तहत हफ्ते के हर दिन के लिए अलग अभियान होगा। सोमवार का दिन सार्वजनिक स्थानों से अनधिकृत पोस्टर और लिखावट हटाने के लिए समर्पित होगा, मंगलवार सामुदायिक केंद्रों, पिछली गलियों और धार्मिक स्थलों की सफाई के लिए, और बुधवार रेलवे ट्रैक और रिंग रोड के लिए होगा।

इसमें कहा गया है कि बृहस्पतिवार को बड़ी मात्रा में कचरा पैदा करने वाले और मौके पर ही कचरा प्रसंस्करण पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा जबकि शुक्रवार को सरकारी दफ्तरों की सफाई और वार्ड-स्तरीय समीक्षा होगी, जबकि शनिवार को झुग्गी और जेजे बस्तियों में विशेष अभियान देखने को मिलेंगे।

बयान के मुताबिक, अधिकारी 17 अगस्त से श्रमदान गतिविधियों में भी भाग लेंगे।

भाषा नोमान नोमान माधव

माधव