Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

प्रोफेसर से मारपीट: डीयू ने पीएचडी शोधार्थी को निलंबित किया, परिसर में प्रवेश पर रोक

नयी दिल्ली, 17 अगस्त (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने उमंग भवन में एक प्रोफेसर के साथ कथित तौर पर मारपीट करने के मामले में विधि संकाय के एक पीएचडी शोधार्थी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और विश्वविद्यालय परिसर में उसके प्रवेश पर रोक लगा दी है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

यह कार्रवाई विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर कार्यालय द्वारा जारी एक नोटिस के बाद की गई। नोटिस के मुताबिक, आरोपी शोधार्थी को शैक्षणिक सत्र 2024-25 (फेज-दो) में विधि संकाय में प्रवेश मिला था।

नोटिस में कहा गया कि यह कदम उमंग भवन में आज सुबह करीब 10:30 बजे हुई घटना के संबंध में विश्वविद्यालय को मिली सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उठाया गया है।

डीयू प्रॉक्टर मनोज कुमार सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘यह घटना सोमवार सुबह की है और छात्र को प्राध्यापक को थप्पड़ मारते देखा जा सकता है। मामले की जांच के लिए एक समिति का गठन किया गया है।’’

नोटिस में कहा गया कि संबंधित शोधार्थी को तत्काल प्रभाव से दिल्ली विश्वविद्यालय के विधि संकाय से निलंबित किया जाता है।

इसमें कहा गया कि ‘दिल्ली विश्वविद्यालय अधिनियम, 1922 के अध्यादेश 15-बी’ के तहत छात्र के विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।

विश्वविद्यालय ने संबंधित घटना की जांच करने तथा अपनी रिपोर्ट सौंपने के लिए एक स्वतंत्र जांच समिति का भी गठन किया है।

भाषा सुमित नेत्रपाल

नेत्रपाल