Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

वंदे मातरम् विवाद : भाजपा की गोवा इकाई ने कांग्रेस से माफी मांगने को कहा

पणजी, 17 अगस्त (भाषा) स्वतंत्रता दिवस पर सोनिया गांधी और अन्य वरिष्ठ नेताओं के एक वीडियो को लेकर जारी विवाद के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की गोवा इकाई ने सोमवार को विपक्षी दल पर राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम्' का अनादर करने का आरोप लगाया और उनसे माफी की मांग की।

पणजी में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए गोवा भाजपा के प्रवक्ता दाजी कृष्ण सालकर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने 1937 में 'वंदे मातरम' के गायन को यह कहते हुए छोटा कर दिया था कि यह धर्मनिरपेक्ष नहीं है।

सालकर ने कहा, 'जिस तरह उन्होंने 1937 में वंदे मातरम् के टुकड़े किए, उसी तरह 1947 में देश का विभाजन कर दिया।'

उन्होंने कहा कि भाजपा ने ही पूरे राष्ट्रीय गीत को गाने की परंपरा शुरू की है।

स्वतंत्रता दिवस पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) मुख्यालय के एक वीडियो, जिसमें सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी नजर आ रहे हैं, का जिक्र करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं के आचरण से साफ है कि वे वंदे मातरम् के खिलाफ हैं।

उन्होंने कहा, 'कांग्रेस को यह स्वीकार कर लेना चाहिए कि उन्हें वंदे मातरम् गाना पसंद नहीं है।'

सालकर ने आरोप लगाया कि लोगों ने सोनिया गांधी को वंदे मातरम् का गायन रुकवाने की कोशिश करते देखा है और दावा किया कि राहुल गांधी ने कहा था कि वंदे मातरम् राष्ट्रगान नहीं है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा, 'वंदे मातरम् के प्रति अपनी नफरत को लेकर कांग्रेस पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है। उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए।'

भाषा सुमित दिलीप

दिलीप