Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

आदित्यनाथ ने 'हर घर तिरंगा' महाभियान में भाग लेने के लिए दी जनता को बधाई

लखनऊ, 17 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के लोगों को 'हर घर तिरंगा' महाअभियान में जोश और उत्साह के साथ भाग लेने के लिए सोमवार को बधाई दी।

मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर 'योगी की पाती' शीर्षक से पोस्ट की गयी चिट्ठी में कहा, ''उत्तर प्रदेश में पांच करोड़ घरों में तिरंगा फहराने के महायज्ञ की आज पूर्णाहुति हो रही है। 'हर घर तिरंगा' महा-अभियान में उत्साह एवं उमंग के साथ सहभागी बने आप सभी प्रदेशवासियों को हृदय से बधाई एवं शुभकामनाएं।''

उन्होंने कहा कि ‘‘किशोरावस्था और युवावस्था जीवन का एक स्वर्णिम दौर है और यही समय तय करता है कि हमारी ऊर्जा और सामर्थ्य केवल हमारे अपने भविष्य को आकार देंगे या समाज और राष्ट्र के भविष्य को भी नई दिशा देंगे।’’

मुख्यमंत्री ने पत्र में कहा कि स्वामी विवेकानंद ने युवावस्था में ही भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक शक्ति का संदेश विश्व मंच तक पहुंचाया। उन्होंने कहा, ''इनका जीवन सिखाता है कि उम्र छोटी हो सकती है, लेकिन संकल्प और सामर्थ्य बड़ा होना चाहिए।''

आदित्यनाथ ने पत्र में कहा, ''जब मैं 26 वर्ष की अवस्था में पहली बार लोकसभा के लिए निर्वाचित हुआ और सार्वजनिक जीवन का व्रत लिया, तब से अब तक मेरे सामने भी राष्ट्रसेवा एवं जनसेवा के यहीं आदर्श सर्वोपरि रहे हैं। आज प्रदेश सरकार युवाओं को आगे बढ़ने के लिए हरसंभव अवसर प्रदान कर रही है।''

उन्होंने कहा, ''विगत साढ़े नौ वर्षों में शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार और खेल के क्षेत्र में अनेक अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। आवश्यकता है कि किशोर एवं युवा इन अवसरों का लाभ उठाएं। अपने संकल्प को राष्ट्रनिर्माण के वृहद लक्ष्य से जोड़ें और उसे सुदृढ़ करने के लिए नियमित योग एवं व्यायाम को जीवन का अंग बनाएं।''

मुख्यमंत्री ने पत्र में कहा कि तिरंगे के मूल्यों- शौर्य, शांति और समृद्धि को अपने जीवन में उतारें, जाति-पाति से ऊपर उठकर एकता एवं समरसता का मार्ग चुनें।

भाषा सलीम अमित

अमित