Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

दिल्ली: डीसीपी के घर हुई चोरी, सभी सामान बरामद

नयी दिल्ली, 17 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के काका नगर इलाके में एक डीसीपी के आवास पर हुई चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य को हिरासत में लिया है। पुलिस ने चोरी हुआ सारा सामान भी बरामद कर लिया है। आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने चोरी हुआ आईफोन, हीरे की अंगूठी, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेजों सहित सभी सामान को बरामद कर लिया।

दिल्ली पुलिस ने पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) के घर हुई चोरी की घटना को 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने का अनुरोध करते हुए कहा, 'हमने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और दो अन्य को हिरासत में लिया है। आगे की पूछताछ जारी है।'

घटना 11 अगस्त को हुई, जब अधिकारी ड्यूटी के लिए सुबह करीब 5.30 बजे अपने आवास से निकले। वह सुबह करीब 8 बजे लौटे और घर में सामान बिखरा हुआ देखा, जिसके बाद तुगलक रोड थाने को मामले की सूचना दी गई।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अधिकारी रसोई के पास स्थित ऐसे दरवाजे से बाहर निकले थे, जिसमें ताला लगाने की सुविधा नहीं थी। उन्होंने बताया कि वापस लौटने पर उन्हें घर से कई सामान गायब मिले।

चोरी की गई वस्तुओं में उनकी पत्नी का आईफोन, एक हीरे की अंगूठी, लगभग 10,000 रुपये नकद, एक पर्स शामिल था, जिसमें डेबिट और क्रेडिट कार्ड और कई पहचान दस्तावेज रखे थे।

सूत्र ने कहा कि अधिकारी का बटुआ भी चोर ले गया, जिसमें उनका दिल्ली पुलिस का पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस और सीजीएचएस कार्ड था।

घर में काम करने वाली एक घरेलू सहायिका का मोबाइल फोन भी चोरी हो गया।

इस संबंध में तुगलक रोड थाने में मामला दर्ज किया गया और जिला अपराध टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

सूत्र ने बताया कि पुलिस ने आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया और तकनीकी और स्थानीय जांच की, जिससे 24 घंटे के भीतर चोरी हुए सामान की बरामदगी हो गई और एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई।

भाषा नोमान दिलीप

दिलीप