Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

योगी ने थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चे के इलाज के लिए दिये कार्यवाही के निर्देश

लखनऊ, 17 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ में अपने सरकारी आवास पर आयोजित 'जनता दर्शन' के दौरान अधिकारियों को थैलेसीमिया से पीड़ित एक बच्चे के इलाज के खर्च का अनुमान तैयार करने का निर्देश दिया।

राज्य सरकार द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री के 'जनता दर्शन' कार्यक्रम में सोमवार को सीतापुर की रहने वाली रोली नामक महिला भारी बारिश के बीच अपने बच्चे को लेकर 'जनता दर्शन' में पहुंची और मुख्यमंत्री को बताया कि उसका बच्चा थैलेसीमिया से पीड़ित है और उसके इलाज के लिए आर्थिक मदद की जरूरत है।

बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने बच्चे के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए अधिकारियों को जिला प्रशासन से उसके उपचार के खर्च का आकलन पत्र (एस्टीमेट) मंगवाकर आर्थिक सहायक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

बयान के अनुसार 'जनता दर्शन' में बीमारियों के इलाज में आर्थिक सहायता का अनुरोध लेकर पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा देते हुए कहा कि इलाज में धन की कमी बाधक नहीं बनेगी, सरकार निरंतर आर्थिक सहायता दे रही है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल के ‘एस्टीमेट’ की प्रक्रिया को जल्द पूर्ण कराकर शासन में भेजें और मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से इलाज के लिए धनराशि दी जाएगी।

बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने एक-एक करके सबकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिया कि सभी की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कराएंगे।

मुख्यमंत्री ने प्रार्थना पत्रों को अधिकारियों के सुपुर्द करते हुए निर्देश दिया कि हर समस्या का निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिप्रद होना चाहिए। पुलिस, राजस्व, चिकित्सा, जमीन कब्जा आदि से जुड़े प्रार्थना पत्रों पर भी उन्होंने समयबद्ध निस्तारण व कार्रवाई का निर्देश दिया।

भाषा सलीम अमित

अमित