Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

हिमाचल के गांवों में हाथियों का आतंक; मकान, ट्यूबवेल और फसलें क्षतिग्रस्त

नाहन (हिप्र), 17 अगस्त (भाषा) हिमाचल प्रदेश में हाथियों के एक झुंड के पांवटा उपमंडल स्थित विभिन्न गांवों में घुसकर तबाही मचाई, जिससे खेतों, ट्यूबवेल और मकानों को भारी नुकसान हुआ है तथा स्थानीय किसान दहशत में हैं।

हाथियों ने 14 अगस्त को बहराल गांव में एक मकान की चारदीवारी तोड़ दी और आसपास के क्षेत्र में काफी नुकसान पहुंचाया। ग्रामीणों के अनुसार, घटना के समय मकान में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई।

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में हाथियों ने बहराल क्षेत्र में किसान महिमा सिंह के ट्यूबवेल को भी क्षति पहुंचाई, जिससे उन्हें काफी आर्थिक नुकसान हुआ।

हाथियों ने सतीवाला गांव में किसान नीतू राम के खेत में धान की फसल के साथ-साथ चेरी और केले के पेड़ों को भी बुरी तरह रौंद दिया।

ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में हाथियों की बढ़ती आवाजाही से दहशत का माहौल है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले हाथियों ने सतीवाला गांव के किसानों- सोनू राम और ठग्गा राम- की गायों को भी कुचलकर मार डाला था। हाथियों का झुंड अब घरों के आसपास मंडराने लगा है, जिससे किसान भयभीत हैं।

भारतीय किसान यूनियन के प्रखंड अध्यक्ष जसविंदर सिंह बिलिंग ने वन विभाग से हाथियों को गांवों में घुसने से रोकने के लिए तत्काल और प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि हाथियों के कारण नुकसान झेलने वाले किसानों को पर्याप्त मुआवजा दिया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि हाथियों को रोकने और प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा देने के लिए कदम नहीं उठाए गए तो वन विभाग के अधिकारियों के कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा।

भाषा

सुरेश

सुरेश