नयी दिल्ली, 17 अगस्त (भाषा) आर्सेलरमित्तल ने सोमवार को कहा कि वह यूक्रेन में मिसाइल हमले से प्रभावित अपने इस्पात संयंत्र में परिचालन बहाल करने की रणनीति पर काम कर रही है।
हमले में दो लोगों की मौत हो गई और कंपनी के 13 कर्मचारी एवं ठेकेदार घायल हुए हैं।
कंपनी के बयान के अनुसार, हमले में संयंत्र की ऊर्जा और ब्लास्ट फर्नेस से जुड़ी मुख्य उत्पादन सुविधाएं क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे उत्पादन गतिविधियां आंशिक रूप से रुक गईं।
आर्सेलरमित्तल, क्रिवी रिह (यूक्रेन का शहर) ने कहा, ‘‘फिलहाल संबंधित विशेषज्ञ नुकसान की व्यापकता तथा परिचालन बहाल करने की संभावनाओं और इसके लिए लगने वाले समय का आकलन कर रहे हैं।’’
कंपनी ने कहा कि हमले में उसके दो लोगों की मौत हुई जबकि 13 कर्मचारी और ठेकेदार घायल हुए हैं।
बयान के अनुसार, खोज एवं बचाव अभियान जारी है। आपात प्रतिक्रिया योजना लागू कर दी गई है। घटनास्थल पर दमकलकर्मी, श्रम सुरक्षा विभाग, बचावकर्मी और चिकित्सकीय कर्मी काम कर रहे हैं। मिसाइल हमले में प्रभावित लोगों को शहर के चिकित्सका केंद्रों में सभी आवश्यक चिकित्सकीय सहायता दी जा रही है।
कंपनी ने कहा, ‘‘ हमले में प्रभावित सहयोगियों के परिवारों और प्रियजन के साथ हमारी पूरी संवेदना हैं। युद्धकालीन परिस्थितियों से जुड़े नियमों के तहत आगे की जानकारी दी जाएगी।’’
रूस के सरकारी समाचार पत्र ‘रोसिस्काया गैजेट’ के अनुसार, रविवार को हुए हमले में क्रिवी रिह स्थित संयंत्र की ऊर्जा और ब्लास्ट फर्नेस से जुड़ी प्रमुख उत्पादन सुविधाएं प्रभावित हुईं।
खबर के अनुसार, यूक्रेन के सबसे बड़े इस्पात संयंत्र आर्सेलरमित्तल क्रिवी रिह ने रूसी हमलों के बाद उत्पादन आंशिक रूप से बंद कर दिया है। यह संयंत्र यूक्रेन के रणनीतिक आर्थिक और सुरक्षा ढांचे का हिस्सा है।
भाषा निहारिका अजय
अजय