Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

यूजीसी-नेट परीक्षा में ‘अनियमितता’ के खिलाफ एनएसयूआई ने एनटीए कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया

नयी दिल्ली, 17 अगस्त (भाषा) कांग्रेस की छात्र इकाई भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने यूजीसी-नेट परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर सोमवार को यहां राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और एजेंसी को खत्म करने की मांग की।

छात्र संगठन के अनुसार, प्रदर्शन में एनएसयूआई के सैकड़ों सदस्यों और यूजीसी-नेट अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। एनटीए कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।

इस अवसर पर एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने एनटीए के अध्यक्ष के इस्तीफे की मांग की और आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली की बार-बार विफलताओं ने एजेंसी की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाया है।

जाखड़ ने कहा, 'छात्रों को एनटीए की विफलताओं की कीमत नहीं चुकानी चाहिए। हम एनटीए को समाप्त करने और उसके अध्यक्ष के इस्तीफे की मांग करते हैं। जब तक एनटीए पर रोक नहीं लगती और छात्रों को न्याय नहीं मिलता, तब तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा।'

संगठन ने दावा किया कि पुलिस कार्रवाई में एनएसयूआई के कई सदस्यों को चोट लगी है।

कांग्रेस के छात्र संगठन ने कहा कि जब तक जवाबदेही तय नहीं होती और परीक्षा की पारदर्शी एवं विश्वसनीय व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक उसका आंदोलन जारी रहेगा।

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने जून में आयोजित यूजीसी-नेट 2026 के तीन विषयों अंग्रेजी, वाणिज्य और समाजशास्त्र की परीक्षा रविवार को दोबारा कराने की घोषणा की है।

एनटीए ने इन विषयों के प्रश्नपत्रों में त्रुटियों की शिकायत मिलने के बाद यह फैसला लिया है।

भाषा हक हक मनीषा

मनीषा