नयी दिल्ली, 17 अगस्त (भाषा) इतिहास में 17 अगस्त की तारीख में दर्ज प्रमुख घटनाओं की बात करें तो 2008 के बीजिंग ओलंपिक खेलों में अमेरिका के तैराक माइकल फेल्प्स ने आठ स्वर्ण पदक जीतकर इंसानी कौशल की एक मिसाल कायम की।
सात साल की उम्र से तैराकी सीखने वाले फेल्प्स ने एथेंस ओलंपिक में छह गोल्ड मेडल जीते थे, लेकिन बीजिंग ओलंपिक में उन्होंने तैराकी की सभी स्पर्धाओं में आठ स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच डाला। उनका यह कारनामा ओलंपिक खेलों में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी चुनौती है।
17 अगस्त 2020 को प्रख्यात शास्त्रीय गायक पंडित जसराज का 90 साल की उम्र में निधन। पद्म श्री, पद्म भूषण और वर्ष 2000 में देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से अलंकृत पंडित जसराज मेवाती घराने से संबद्ध थे। अंतरराष्ट्रीय खगोलीय संघ (आईएयू) ने 11 नवंबर, 2006 को मंगल और बृहस्पति ग्रहों के बीच खोजे गए एक क्षुद्रग्रह का नाम उनके सम्मान में 'पंडित जसराज' रखा। इस आकाशीय पिंड का आधिकारिक नंबर 300128 है, जो पंडित जसराज की जन्म तिथि 28/01/1930 का ठीक उल्टा क्रम (28/01/30) है। इस खगोलीय सम्मान के साथ वे मोजार्ट और बीथोवेन जैसे विश्व-प्रसिद्ध संगीत दिग्गजों के विशेष क्लब में शामिल होने वाले पहले भारतीय संगीतकार बन गए।
17 अगस्त 2021 को अंकों की लोकप्रिय पहेली ‘सुडोकू’ के रचियता माकी काजी का 69 साल की उम्र में तोक्यो में निधन हो गया। ‘सुडोकू के गॉडफादर’ के रूप में चर्चित काजी ने यह पहेली तैयार की थी, जो बच्चों एवं उन अन्य लोगो के लिए आसान हो, जो अधिक सोचना नहीं चाहते थे। उसका नाम अंकों के जापानी चरित्रों से बना है। इसमें खिलाड़ी पंक्ति स्तंभों एवं ब्लॉक में बिना दोहराये एक से नौ तक के अंक भरते हैं।
देश दुनिया के इतिहास में 17 अगस्त की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:-
1836 : ब्रिटेन की संसद में जन्म, विवाह और मृत्यु से संबधित पंजीकरण स्वीकार किये गये।
1858 : हवाई द्वीप में पहला बैंक खोला गया।
1909 : मदन लाल ढींगरा को वायली और लालकाका की हत्या के मामले में पेंटोनविली कैदखाने में फांसी दी गयी।
1915 : चक्रवाती तूफान से गेलवेस्टोन और टेक्सास में 275 लोगों की मौत।
1917 : इटली ने तुर्किये के खिलाफ युद्ध की घोषणा की।
1941 : पूर्वी जर्मनी सरकार ने बर्लिन की दीवार का काम पूरा किया।
1947 : भारत की आजादी के बाद पहली ब्रिटिश सैन्य टुकड़ी स्वदेश रवाना।
1978 : तीन अमरीकियों ने हॉट एयर बैलून से अटलांटिक महासागर को पार किया।
1982 : जर्मनी में पहली सीडी (कॉम्पैक्ट डिस्क) लोगों के लिये उपलब्ध की गई।
1988 : पाकिस्तान के राष्ट्रपति जिया-उल-हक और अमेरिका के राजदूत अर्नाल्ड राफेल की एक विमान दुर्घटना में मौत।
1999 : तुर्किये में भीषण भूकंप के कारण 17000 से अधिक लोगों की मौत।
2002 : रूस ने दलाई लामा को अपने देश में दौरे के लिए वीजा देने से इन्कार किया।
2005 : पूरा बांग्लादेश बम धमाकों से दहला। 63 जिलों में लगभग 400 विस्फोट।
2008 : अमेरिका के महान तैराक माइकल फेल्प्स ने बीजिंग ओलंपिक खेलों में तैराकी में आठ स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास बनाया।
2009 : 17 अगस्त 2009 को रूस के सयानो-शुशेंस्कया बांध पर भीषण दुर्घटना हुई, जिसमें 75 लोगों की मौत हो गई और साइबेरिया में बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
2013 : पाकिस्तान के क्वेटा शहर में एक जनाजे के दौरान हुए आत्मघाती विस्फोट में 28 लोगों की मौत।
2015 : बैंकॉक में हुए एरावण मंदिर बम विस्फोट में 20 लोगों की मौत और 125 से अधिक घायल हुए।
2019 : अफगानिस्तान के काबुल में एक शादी समारोह के दौरान हुए भीषण आत्मघाती बम धमाके में 63 लोग मारे गए थे और 200 से अधिक घायल हुए।
2020 : भारतीय शास्त्रीय संगीत के सशक्त हस्ताक्षर पंडित जसराज का निधन।
2021 : अंकों की लोकप्रिय पहेली ‘सुडोकू’ के रचियता माकी काजी का 69 साल की उम्र में तोक्यो में निधन।
2023 : नाइजीरिया में सशस्त्र गिरोहों के हमले और मौके पर भेजे गए एक हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक अधिकारी और 36 जवानों की मौत।
भाषा
मनीषा
मनीषा