भुवनेश्वर, 16 अगस्त (भाषा) भाजपा युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओडिशा इकाई ने स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम् के कथित अपमान को लेकर रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ यहां खारवेल नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पांडा ने कहा कि पार्टी ने राष्ट्र गीत के गायन का कथित तौर पर ‘‘अपमान’’ करने और बाधा डालने के लिए कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पांडा ने आरोप लगाया, ‘‘वंदे मातरम् का अपमान करके और उसके गायन में बाधा डाल कर उन्होंने दंडनीय अपराध किया है।’’
वहीं, कांग्रेस ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि राष्ट्र गीत को रोकने की कोई कोशिश नहीं की गई थी।
पार्टी ने कहा कि सोनिया गांधी केवल खरगे के लिए कुर्सी मांग रही थीं, क्योंकि वह कुछ समय से खड़े थे।
इस बीच, भाजपा की भुवनेश्वर जिला इकाई के कार्यकर्ताओं ने राज्य पार्टी कार्यालय से मास्टर कैंटीन चौक स्थित कांग्रेस भवन तक मौन जुलूस निकाला।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं के व्यवहार से देशभर के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।
भाषा शोभना संतोष
संतोष
संतोष